गोपालगंज में NEET की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध मौत, कमरे में फंदे से लटका मिला शव; परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम | Prabhat Khabar Network
गोपालगंज में NEET की तैयारी कर रही 20 वर्षीय छात्रा उजाला कुमारी की संदिग्ध मौत से हड़कंप मच गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है.
Gopalganj NEET Student Death : शहर के श्याम सिनेमा रोड में रविवार की देर शाम नीट की तैयारी कर रही 20 वर्षीय छात्रा उजाला कुमारी का शव कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला. सूचना पर पहुंची पुलिस को कमरे का दरवाजा बाहर से बंद मिला. घटना की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. छात्रा के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है.
मृतका सिधवलिया थाना क्षेत्र के सरेया पहाड़ गांव निवासी रघुनाथ शर्मा की पुत्री थी. वह पिछले करीब एक वर्ष से गोपालगंज शहर में किराये का कमरा लेकर रह रही थी और बीएससी की पढ़ाई के साथ नीट की ऑनलाइन तैयारी कर रही थी.
कमरे की स्थिति ने बढ़ाया संदेह
पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची तो कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था. हालांकि, कमरे के अंदर सामान बिखरा हुआ नहीं मिला. छात्रा का मोबाइल भी घटनास्थल से बरामद किया गया है.
घटना की सूचना के बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से काफी देर तक पूछताछ की. पुलिस घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है. कमरे की स्थिति और अन्य परिस्थितियों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है.
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
घटना की जानकारी मिलने पर छात्रा के परिजन मौके पर पहुंचे. परिजनों ने उजाला की हत्या किये जाने का आरोप लगाया है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल घटना के कारणों को लेकर स्पष्ट निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है.
डॉक्टर बनने का सपना लेकर गोपालगंज आयी थी उजाला
उजाला कुमारी सिधवलिया थाना क्षेत्र के सरेया पहाड़ गांव की रहने वाली थी. उसका परिवार आर्थिक रूप से सामान्य स्थिति में है. उसके पिता रघुनाथ शर्मा लेथ मशीन चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं.
उजाला तीन भाइयों की इकलौती बहन थी. डॉक्टर बनने का सपना पूरा करने के लिए परिवार ने उसे गोपालगंज शहर में किराये का कमरा लेकर रखा था, जहां वह पढ़ाई के साथ नीट की तैयारी कर रही थी. उसकी मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
FSL टीम ने घटनास्थल से जुटाये साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने FSL टीम को भी मौके पर बुलाया. टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाये. पुलिस ने कमरे और आसपास के स्थानों की बारीकी से जांच की.
पुलिस के हाथ छात्रा का मोबाइल भी लगा है. अब मोबाइल की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से घटना की परिस्थितियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है.
मोबाइल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से जांच को मिलेगी दिशा
पुलिस छात्रा के मोबाइल में मौजूद जानकारी और घटना से पहले की गतिविधियों की भी जांच कर रही है. साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. इन दोनों से छात्रा की मौत की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने में मदद मिल सकती है.
देर रात तक पुलिस की जांच जारी रही. पुलिस अधिकारियों ने फिलहाल घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी देने से इनकार किया है.


आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए