गोपालगंज में पांच सूत्री मांगों को लेकर रसोइया संघ का धरना, 12 महीने मानदेय और वेतनमान की उठी मांग
बैकुंठपुर में धरना पर बैठी रसोइय | Prabhat Khabar Network
गोपालगंज में रसोइया संघ ने अपनी पांच सूत्री मांगों को लेकर धरना दिया. उनकी मुख्य मांगों में 10 महीने के बजाय 12 महीने का मानदेय, चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी का दर्जा और बेहतर अवकाश शामिल हैं. संघ ने मांगों पर सरकार से ठोस पहल की उम्मीद जताई है.
Gopalganj News : बैकुंठपुर प्रखंड मुख्यालय पर रविवार को अपनी पांच सूत्री मांगों के समर्थन में प्रखंड रसोइया संघ की ओर से एक दिवसीय धरना दिया गया. धरना की अध्यक्षता संघ के प्रखंड अध्यक्ष बदन राय ने की. इस दौरान रसोइयों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की और मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की.
10 महीने के बजाय 12 महीने का मानदेय देने की मांग
धरना के दौरान रसोइयों ने कहा कि वर्तमान में उन्हें साल में केवल 10 महीने का मानदेय दिया जाता है. उनकी मांग है कि मानदेय का भुगतान 12 महीने किया जाये. रसोइयों ने कहा कि वे नियमित रूप से अपने कार्यों का निर्वहन करती हैं, इसलिए पूरे वर्ष का मानदेय मिलना चाहिए.
इसके साथ ही रसोइयों ने उनके द्वारा किये जा रहे कार्यों के आधार पर चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी का दर्जा देने की मांग उठायी. मानदेय की जगह वेतनमान लागू करने की मांग भी संघ की ओर से की गयी.
महिला और पुरुष रसोइयों के लिए अवकाश की मांग
रसोइयों ने महिला कर्मियों के लिए विशेषावकाश देने की मांग की. वहीं पुरुष रसोइयों को सरकारी कर्मचारियों की तर्ज पर 16 दिनों का अवकाश देने की मांग भी रखी गयी.
संघ के सदस्यों ने कहा कि रसोइयों की विभिन्न समस्याओं का सरकार के स्तर पर समाधान किया जाना चाहिए. लंबे समय से उनकी मांगें लंबित हैं, इसलिए सरकार को इस दिशा में ठोस पहल करनी चाहिए.
बीडीओ को सौंपा मांगों का ज्ञापन
धरना समाप्त होने के बाद संघ के प्रतिनिधियों ने अपनी पांच सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन प्रखंड विकास पदाधिकारी नंदकिशोर साह को सौंपा. संघ के सदस्यों ने मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई की उम्मीद जतायी.
धरना में ममता देवी, गीता देवी, मीना कुंवर, संतोष कुमार ओझा, छठिया कुंवर, महोदरी कुंवर, अनीता देवी, शोभा देवी, प्रभावती देवी, सुनैना देवी, ललिता देवी, जलादा खातून, अहिल्या देवी, शाहजहां खान सहित कई रसोइया मौजूद रहीं.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए