गोपालगंज में आभूषण व्यवसायियों की सुरक्षा पर पुलिस सख्त, CCTV से लेकर पैनिक बटन तक लगाने के निर्देश
AI से बनाई गई तस्वीर
गोपालगंज में ज्वैलर्स की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने कड़े कदम उठाए हैं. अब दुकानों पर CCTV, अलार्म और पैनिक बटन लगाना अनिवार्य होगा. जानिए क्या हैं नए निर्देश.
Gopalganj News : हाल में भृंगीचक गांव के आभूषण व्यवसायी हरेंद्र प्रसाद वर्मा से हुई लूट की घटना के बाद पुलिस ने व्यवसायियों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है. इसी को लेकर मंगलवार को कटेया थाना परिसर में व्यवसायियों के साथ बैठक आयोजित की गयी. थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने दुकानदारों को अपने प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की.
दुकान के अंदर और बाहर 24 घंटे चालू रखें CCTV
थानाध्यक्ष ने व्यवसायियों से दुकानों के अंदर और बाहर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने को कहा. उन्होंने प्रवेश और निकास द्वार, काउंटर, तिजोरी तथा सड़क की ओर कैमरे लगाने और उन्हें 24 घंटे चालू रखने का निर्देश दिया. सीसीटीवी फुटेज का पर्याप्त बैकअप रखने तथा किसी घटना की स्थिति में उसे पुलिस को उपलब्ध कराने की भी सलाह दी गयी.
अलार्म, पैनिक बटन और सायरन लगाने की सलाह
व्यवसायियों को दुकानों में अलार्म, पैनिक बटन और सायरन लगाने के साथ प्रशिक्षित व सत्यापित सुरक्षा गार्ड रखने की सलाह दी गयी. कर्मचारियों, सुरक्षा गार्ड और डिलीवरी कर्मियों का पुलिस सत्यापन कराने को भी कहा गया. थानाध्यक्ष ने अज्ञात लोगों से सोना-चांदी अथवा आभूषण की खरीद नहीं करने और किसी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि की तत्काल पुलिस को जानकारी देने की अपील की.
अधिक नकदी या आभूषण लेकर निकलें तो पुलिस को दें सूचना
थानाध्यक्ष ने व्यवसायियों को अधिक नकदी या आभूषण लेकर आने-जाने की स्थिति में पुलिस को पूर्व सूचना देने की सलाह दी. दुकान खोलने और बंद करने के समय विशेष सतर्कता बरतने तथा अकेले आवागमन से बचने को कहा गया. किसी संदिग्ध वाहन या व्यक्ति द्वारा दुकान अथवा व्यवसायी की रेकी किए जाने की स्थिति में तत्काल 112 पर सूचना देने का निर्देश दिया गया.
सुरक्षा सूचनाओं के लिए बनेगा वाट्सएप ग्रुप
बैठक में व्यवसायियों की सुरक्षा से जुड़ी सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान के लिए वाट्सएप ग्रुप बनाने का भी निर्णय लिया गया. पुलिस ने व्यवसायियों से सुरक्षा को लेकर सजग रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज नहीं करने की अपील की.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए