गोपालगंज में नीट यूजी री-परीक्षा आज: 7 केंद्रों पर 3,906 अभ्यर्थी देंगे एग्जाम, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

Updated:
विज्ञापन

NEET US Re- Exam 2026: NEET UG Re-Exam के तहत गोपालगंज के 7 परीक्षा केंद्रों पर आज 3,906 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे. तीन स्तरीय जांच के बाद प्रवेश मिलेगा. 1:30 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को एंट्री नहीं मिलेगी.

विज्ञापन

NEET US Re- Exam 2026: (विकास दुबे) गोपालगंज में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) री-एग्जाम को लेकर जिले के सात परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बनाई गई है.
बनाए गए केंद्रों पर कुल 3906 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे. परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है. सुरक्षा व्यवस्था से लेकर अभ्यर्थियों और अभिभावकों की सुविधाओं तक विशेष इंतजाम किए गए हैं. वहीं परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में सहूलियत देने के लिए राज्य सरकार की ओर से बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा भी उपलब्ध करायी गयी है.

दोपहर 01:30 बजे तक ही मिलेगी इंट्री

परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम 5:15 बजे तक एक पाली में आयोजित होगी. अभ्यर्थियों का प्रवेश सुबह 11 बजे से शुरू होगा, लेकिन दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी परिस्थिति में परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा. राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) और जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय से पहले केंद्र पर पहुंचने की अपील की है.

एक दिन पहले केंद्रों पर कराई गई थी मॉक ड्रिल

परीक्षा को लेकर शनिवार को जिले के सभी केंद्रों पर प्रशासन द्वारा मॉक ड्रिल भी करायी गयी. इस दौरान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, प्रश्न पत्र की सुरक्षित आपूर्ति, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया और अन्य व्यवस्थाओं की जांच की गयी. अधिकारियों ने केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं का भी जायजा लिया.

तीन स्तर की जांच के बाद ही मिलेगी एंट्री

परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को तीन स्तर की जांच प्रक्रिया से गुजरना होगा. सबसे पहले एडमिट कार्ड और वैध पहचान पत्र की जांच होगी. इसके बाद मेटल डिटेक्टर से तलाशी ली जाएगी. अंतिम चरण में बायोमेट्रिक सत्यापन और उपस्थिति दर्ज कराने के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश मिलेगा. प्रशासन ने जांच प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतने का निर्देश दिया है.

हर केंद्र पर जैमर, सीसीटीवी और पुलिस बल की है तैनाती

परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए सभी केंद्रों पर नेटवर्क जैमर लगाए गए हैं. इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों और वीडियोग्राफी के माध्यम से हर गतिविधि की निगरानी की जाएगी. सभी परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गयी है. जिला प्रशासन का कंट्रोल रूम भी लगातार परीक्षा की निगरानी करेगा.

इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी रहेगी प्रतिबंध

परीक्षा केंद्र पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, इयरफोन, कैलकुलेटर, पेन ड्राइव, नोट्स और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को परीक्षा केंद्र में ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

सोशल मीडिया, साइबर कैफे और फोटोस्टेट दुकानों पर है विशेष नजर

पेपर लीक और अफवाहों की आशंका को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. परीक्षा अवधि के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की विशेष निगरानी की जाएगी. किसी भी तरह की भ्रामक सूचना फैलाने, प्रश्नपत्र से जुड़ी अफवाह फैलाने या परीक्षा को प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी.


इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित फोटोस्टेट दुकानों, साइबर कैफे और अन्य संदिग्ध गतिविधियों पर भी प्रशासन की पैनी नजर रहेगी. शहर के सभी प्रमुख साइबर कैफे और फोटोस्टेट केंद्रों की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं. पुलिस की गश्ती टीम लगातार भ्रमण कर स्थिति पर नजर रखेगी. वहीं शहर के कोचिंग संस्थानों की गतिविधियों की भी निगरानी की जाएगी.

इन केंद्रों पर होगी परीक्षा

जिले में एसएस बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के दो केंद्रों के अलावा डीएवी उच्च माध्यमिक विद्यालय, एमएम उर्दू हाई स्कूल तूरकहां, केंद्रीय विद्यालय गोपालगंज, इब्राहीम मेमोरियल हाई स्कूल सासामूसा तथा मुखीराम हाई स्कूल थावे को परीक्षा केंद्र बनाया गया है.


जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सभी निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें. प्रशासन का दावा है कि परीक्षा को पूरी तरह शांतिपूर्ण, पारदर्शी और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं.

इसे भी पढ़ें: भरत तिवारी एनकाउंटर केस: औरंगाबाद में निकला विशाल कैंडल मार्च, निष्पक्ष जांच की उठी मांग

विज्ञापन
विवेक पाण्डेय

लेखक के बारे में

By विवेक पाण्डेय

विवेक रंजन पाण्डेय मुख्यधारा की पत्रकारिता में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले पत्रकार और लेखक हैं. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल (Prabhat Khabar Digital) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. राष्ट्रीय राजनीति और बिहार की राजनीति पर उनकी लेखनी विशेष रूप से पहचान रखती है.

वर्तमान में वह बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी खबरों के साथ-साथ राज्य स्तरीय मुद्दों पर भी नियमित रूप से समाचार, विश्लेषण और समसामयिक विषयों पर लेख प्रकाशित कर रहे हैं. स्थानीय घटनाक्रम को व्यापक संदर्भ में प्रस्तुत करना और महत्वपूर्ण मुद्दों को तथ्यपरक एवं सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख विशेषता है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन