गोपालगंज में VBYLD 2027 का क्विज शुरू, 15-29 वर्ष के युवा MY Bharat पोर्टल पर करें रजिस्ट्रेशन
मेरा युवा भारत
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) 2027 के लिए क्विज शुरू कर दिया है. यह 15 से 29 वर्ष के युवाओं को राष्ट्र निर्माण में जुड़ने का अवसर प्रदान करता है.
Prime Minister Interaction: भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) 2027 के लिए क्विज चरण शुरू कर दिया गया है. युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने के साथ उनकी प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और नवाचार को राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है.
मंत्रालय की ओर से 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ने और क्विज में भाग लेने की अपील की गयी है. इसमें भाग लेने के लिए युवाओं को MY Bharat पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा.
युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ रहा MY Bharat
MY Bharat युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय का राष्ट्रीय मंच है. इसके माध्यम से युवाओं को स्वयंसेवा, सीखने, मेंटरशिप, सहभागिता और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों से जोड़ा जाता है.
VBYLD 2027 के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने के साथ देश के विकास से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा.
प्रधानमंत्री के साथ संवाद का भी मिलेगा अवसर
विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग देश के प्रमुख राष्ट्रीय युवा कार्यक्रमों में शामिल है. इसका आयोजन प्रत्येक वर्ष 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस और स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर किया जाता है.
कार्यक्रम के माध्यम से देशभर से चयनित युवाओं को अपने विचार, नवाचार और सुझाव राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है. इसके अलावा विकसित भारत के निर्माण से जुड़े विषयों पर प्रधानमंत्री के साथ संवाद करने का अवसर भी प्राप्त होता है.
20 सितंबर तक क्विज में भाग लेने का मौका
गोपालगंज के डीएम समीर सौरभ ने बताया कि VBYLD 2027 की चयन प्रक्रिया का पहला चरण ऑनलाइन क्विज है. यह क्विज 20 सितंबर तक MY Bharat पोर्टल पर उपलब्ध रहेगा.
उन्होंने सभी पात्र युवाओं से समय रहते पोर्टल पर पंजीकरण कराने और क्विज में भाग लेने की अपील की है. विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, आइटीआइ, अन्य शैक्षणिक संस्थानों और युवा संगठनों से भी अधिक से अधिक युवाओं को इस अभियान से जोड़ने तथा उन्हें क्विज में भाग लेने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया गया है.
ऐसे कर सकते हैं पंजीकरण
क्विज में भाग लेने के लिए युवाओं को MY Bharat पोर्टल पर जाकर Register Now विकल्प का चयन करना होगा. इसके बाद मोबाइल नंबर या ई-मेल के माध्यम से ओटीपी सत्यापन कर आवश्यक जानकारी भरकर पंजीकरण प्रक्रिया पूरी की जा सकती है.
मंत्रालय ने युवाओं से अपील की है कि वे VBYLD 2027 को केवल एक क्विज के रूप में न देखें, बल्कि इसे अपने विचारों, प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के अवसर के रूप में लें और इसमें सक्रिय भागीदारी करें.
इसे भी पढ़ें: औरंगाबाद के देवजरा में फरार आरोपित के घर चिपकाया इश्तेहार, 30 दिन में सरेंडर नहीं किया तो कुर्की-जब्ती
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए