गोपालगंज के शिक्षकों के लिए आज आखिरी मौका, म्यूचुअल ट्रांसफर के ऑनलाइन आवेदन 5 अगस्त तक
बिहार राज्य शिक्षक स्थानांतरण नियमावली-2026 के तहत शिक्षकों के लिए म्यूचुअल ट्रांसफर और समानुपातिकरण की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया का आज अंतिम दिन है. पात्र शिक्षकों को 5 अगस्त तक आवेदन जमा करना अनिवार्य है.
गोपालगंज: बिहार राज्य शिक्षक स्थानांतरण नियमावली-2026 के तहत जिले के शिक्षकों के लिए पारस्परिक स्थानांतरण (म्यूचुअल ट्रांसफर) एवं समानुपातिकरण के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बुधवार, 5 अगस्त निर्धारित की गई है. जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) अमरेंद्र कुमार पाण्डेय ने पात्र शिक्षकों से समय रहते आवेदन करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि आवेदन में गलत जानकारी या त्रुटि होने पर पूरी प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है, इसलिए सभी शिक्षक नियमों का अध्ययन कर ही आवेदन करें.
29 जुलाई से शुरू हुई थी आवेदन प्रक्रिया
डीईओ ने बताया कि म्यूचुअल ट्रांसफर और समानुपातिकरण के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 29 जुलाई से शुरू हुई थी, जो 5 अगस्त को समाप्त हो जाएगी. अंतिम तिथि के बाद इस चरण में कोई आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा. वहीं सामान्य स्थानांतरण (जनरल ट्रांसफर) के लिए इ-शिक्षाकोष पोर्टल 17 सितंबर से खोला जाएगा.
समान श्रेणी और समान विषय के शिक्षकों का ही होगा ट्रांसफर
विभाग के अनुसार पारस्परिक स्थानांतरण केवल समान श्रेणी के शिक्षकों के बीच ही मान्य होगा. नियमित शिक्षक का स्थानांतरण नियमित शिक्षक से, सक्षमता परीक्षा उत्तीर्ण विशिष्ट शिक्षक का उसी श्रेणी के शिक्षक से तथा बीपीएससी से नियुक्त विद्यालय अध्यापक का केवल उसी वर्ग के विद्यालय अध्यापक से ही किया जाएगा. इसके अलावा दोनों शिक्षकों का विषय और पढ़ाई जाने वाली कक्षा भी समान होना अनिवार्य है. नियमों के विपरीत किए गए आवेदन स्वतः निरस्त हो सकते हैं.
'ऐड टू ग्रुप' स्वीकार नहीं हुआ तो आवेदन रहेगा अधूरा
डीईओ ने बताया कि आवेदन करने के लिए शिक्षक इ-शिक्षाकोष पोर्टल पर अपने टीचर कोड या लॉगिन आईडी और पासवर्ड से लॉगिन कर 'टीचर ट्रांसफर 2.0' विकल्प का चयन करें. इसके बाद पारस्परिक स्थानांतरण या समानुपातिकरण का विकल्प चुनकर आवेदन किया जा सकता है. इच्छित शिक्षक की खोज यू-डायस कोड, जिला, प्रखंड, पंचायत या विद्यालय के नाम से की जा सकती है.
उन्होंने कहा कि आवेदन के बाद 'ऐड टू ग्रुप' के माध्यम से भेजे गए अनुरोध को संबंधित शिक्षक द्वारा स्वीकार करना अनिवार्य है. यदि दूसरा शिक्षक अनुरोध स्वीकार नहीं करता है तो आवेदन लंबित रह जाएगा. इसलिए अंतिम समय की तकनीकी समस्याओं से बचने के लिए शिक्षकों को समय रहते आवेदन पूरा कर सभी जानकारियों का सावधानीपूर्वक मिलान कर लेना चाहिए
इसे भी पढ़ें: Prashant Kishor: 51 हजार की बढ़त से करारी हार तक, प्रशांत किशोर ने बताया क्यों खिसकी बीजेपी की जमीन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










