गोपालगंज शिक्षा भवन में सिंगल विंडो सिस्टम शुरू, एक काउंटर पर होगा आवेदन; 20 दिन में निष्पादन, 25वें दिन मिलेगी सूचना
एकल विंडो सिस्टम का उद्घाटन करते शिक्षा मंत्री | Prabhat Khabar Network
गोपालगंज के नवनिर्मित शिक्षा भवन में सिंगल विंडो सिस्टम का शुभारंभ हुआ है. यह नई व्यवस्था सरकारी कार्यों को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और समयबद्ध बनाएगी. शिक्षकों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को अब अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे.
Gopalganj News: शिक्षा विभाग से जुड़े कार्यों को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और समयबद्ध बनाने की दिशा में शुक्रवार को गोपालगंज के नवनिर्मित शिक्षा भवन में सिंगल विंडो सिस्टम (एकल खिड़की प्रणाली) की शुरुआत की गई. बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने इसका विधिवत उद्घाटन किया.
इस व्यवस्था के लागू होने के बाद अब शिक्षकों, शिक्षा कर्मियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को विभागीय कार्यों के लिए अलग-अलग शाखाओं के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. सभी आवेदन एक ही काउंटर पर स्वीकार किए जाएंगे और निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा.
शिक्षा विभाग की नई व्यवस्था के तहत शिक्षा भवन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को उसी दिन ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज (अपलोड) कर संबंधित शाखा या संभाग को भेज दिया जाएगा. संबंधित शाखा को अधिकतम 20 दिनों के भीतर आवेदन का निष्पादन करना होगा. इसके बाद 25वें दिन तक आवेदक को उसके आवेदन पर की गई कार्रवाई की सूचना उपलब्ध करा दी जाएगी. इससे लोगों को बार-बार कार्यालय आने की जरूरत नहीं पड़ेगी और पूरी प्रक्रिया की ऑनलाइन निगरानी भी संभव होगी.
फीडबैक मिलने के बाद ही बंद होगा परिवाद
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवेदनों का निष्पादन पूरी पारदर्शिता और तय समय के भीतर किया जाए. उन्होंने कहा कि किसी भी आवेदन का निपटारा करने के बाद संबंधित आवेदक से फीडबैक लिया जाएगा. यदि आवेदक कार्रवाई से संतुष्ट होगा, तभी उस परिवाद को पूरी तरह निष्पादित मानते हुए बंद किया जाएगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षा विभाग में जवाबदेही तय होगी और शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
शिक्षकों और आम लोगों को मिलेगी बड़ी राहत
शिक्षा विभाग के अनुसार सिंगल विंडो सिस्टम का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों, शिक्षा कर्मियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को एक ही मंच पर त्वरित, सरल और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना है. इससे विभागीय कार्यों में अनावश्यक विलंब कम होगा, पारदर्शिता बढ़ेगी और लोगों को समय पर सेवाओं का लाभ मिलेगा. साथ ही प्रत्येक आवेदन की ऑनलाइन ट्रैकिंग और नियमित मॉनिटरिंग भी की जा सकेगी.
सदर विधायक सुभाष सिंह ने कहा कि यह व्यवस्था शिक्षा विभाग में पारदर्शिता और जवाबदेही को और मजबूत करेगी. इससे शिक्षकों व आम लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान होगा तथा विभाग पर लोगों का विश्वास बढ़ेगा. वहीं, जिलाधिकारी समीर सौरभ ने कहा कि जिला प्रशासन शिक्षा विभाग के साथ समन्वय बनाकर इस व्यवस्था का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करेगा और लंबित मामलों की नियमित समीक्षा भी की जाएगी.
डीईओ बोले- समयबद्ध मिलेगी विभागीय सेवा
जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार पांडेय ने बताया कि सिंगल विंडो सिस्टम के तहत प्राप्त सभी आवेदनों का डिजिटल और भौतिक दोनों स्तर पर पंजीकरण किया जाएगा. प्रत्येक आवेदन की लगातार निगरानी होगी, ताकि किसी भी आवेदक को अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े. उन्होंने कहा कि बिहार सरकार की यह पहल शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली को अधिक जनहितैषी, पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. इससे विभागीय सेवाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर उपलब्ध कराई जा सकेंगी.
नवनिर्मित शिक्षा भवन में आयोजित उद्घाटन समारोह में सदर विधायक सुभाष सिंह, जिलाधिकारी समीर सौरभ, भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप गिरी, जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार पांडेय, सभी डीपीओ, बीईओ, शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, प्रधानाध्यापक, शिक्षक, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










