सड़क बनी ‘मंडप’, राहगीर बने ‘बराती’: पकड़े गए प्रेमी जोड़े की ग्रामीणों ने सड़क पर कराई शादी

प्रेमी युगल की शादी कराते ग्रामीण
Gopalganj News: गोपालगंज के भोरे थाना क्षेत्र की एक शादी चर्चा में रही. जहां एक प्रेमी जोड़े को गांव के लोगों ने चोरी-छिपे मिलते हुए पकड़ लिया और हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद सड़क पर ही दोनों की शादी करा दी.
Gopalganj News (सुरेश कुमार राय): कहते हैं कि इश्क और जंग में सब जायज है, लेकिन भोरे थाना क्षेत्र में जो हुआ उसने फिल्म के स्क्रिप्ट को भी पीछे छोड़ दिया. महरादेउर के एक युवक और बनकटा जागीरदारी की एक युवती के प्रेम का अंत न तो थाने में हुआ और न ही किसी बड़े मैरिज हॉल में. गांव के लोगों ने पकड़े जाने के बाद हाईवोल्टेज ड्रामे के बीच सड़क को ही मंडप बना दिया और वहीं दोनों की शादी करा दी.
नहर किनारे ‘रोमांस’, फिर बीच सड़क पर ‘संग्राम’
महरादेउर का युवक और बनकटा जागीरदारी की युवती चोरी-छिपे नहर के किनारे मिल रहे थे. उन्हें लगा कि सन्नाटा उनके इश्क का गवाह बनेगा, लेकिन गांव के लोगों की नजर उन पर पड़ गई. ग्रामीणों ने घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा. पकड़े जाने के बाद पहले तो आक्रोश भड़का, नौबत मारपीट तक आ गई और दोनों को रस्सी से बांधकर बंधक बना लिया गया.
“नहीं छोड़ेंगे साथ”: जिद के आगे झुका गांव
सूचना मिलते ही दोनों पक्षों के परिजन मौके पर पहुंचे. घंटों चली मान-मनौव्वल और लोक-लाज का वास्ता देने के बाद भी प्रेमी जोड़ा अपनी बात पर अडिग रहा. पिटाई और बंधक बनाए जाने के बावजूद दोनों ने एक ही सुर में कहा कि वे एक-दूसरे के बिना नहीं रह सकते. जब समझाने के सारे दांव पेंच फेल हो गए, तो गांव के लोगों ने मौके पर ही फैसला सुना दिया.
न मंत्र, न मंडप; सड़क पर ही रचा दी शादी
माहौल की नाजुकता को देखते हुए ग्रामीणों ने मंदिर जाने तक का इंतजार नहीं किया. बीच सड़क पर ही दोनों को खड़ा किया गया. न कोई सजावट थी, न शहनाई की गूंज; बस भीड़ के शोर के बीच दोनों की शादी की रस्में पूरी करा दी गई. लोगों ने अपनी मौजूदगी में ही लड़की की मांग भरवाई और उसे लड़के के साथ विदा कर दिया.
सोशल मीडिया पर वीडियो देख दंग रहे लोग
इस अनोखी शादी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे पिटाई और हंगामे के बाद अचानक सड़क ही शादी के वेदी में तब्दील हो गई. शादी के बाद दुल्हन बनी प्रेमिका अपने प्रेमी (पति) के साथ उसके घर महरादेउर चली गई. इलाके में इस ‘सड़क वाली शादी’ की चर्चा हर जुबान पर है.
Also Read: कैमूर में दो लोगों की हत्या कर शव को नदी में फेंका, शरीर से अलग था धड़
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सूर्यकांत कुमार
सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं और डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे गया, औरंगाबाद, कैमूर और बक्सर जिलों की स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक मुद्दों और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










