गोपालगंज में टेंडर माफियाओं पर पुलिस कप्तान का बड़ा प्रहार, मैनेजकरने वालों पर एक्शन की तैयारी, दर्ज होगी रंगदारी की FIR

Published by : Aditya Kumar Ravi Updated At : 19 May 2026 7:10 PM

विज्ञापन

निर्देश देते एसपी विनय तिवारी

Gopalganj News: गोपालगंज के पुलिस कप्तान विनय तिवारी ने टेंडर माफियाओं के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए चेतावनी दी है कि सरकारी निविदाओं में धमकी, रंगदारी या टेंडर मैनेज करने वालों पर तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई होगी. एसपी ने संवेदकों को भयमुक्त होकर काम करने का भरोसा दिलाते हुए उनकी सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष हेल्पलाइन नंबर 9031827299 भी जारी किया है और शिकायतकर्ताओं की पहचान पूरी तरह गुप्त रखने का वादा किया है.

विज्ञापन

Gopalganj News(मनीष राज): जिले में सरकारी विकास कार्यों और ठेकेदारी में दखल देने वाले टेंडर माफियाओं और असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस कप्तान (SP) विनय तिवारी ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है. एसपी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अब सरकारी निविदा (टेंडर) प्रक्रिया में किसी भी तरह की गुंडागर्दी, धमकी या मैनेज करने का खेल नहीं चलेगा. ऐसा करने वालों पर सीधे रंगदारी और आर्म्स एक्ट का कानूनी शिकंजा कसा जाएगा. पुलिस ने सभी वैध संवेदकों (ठेकेदारों) को पूरी तरह भयमुक्त होकर काम करने का भरोसा दिलाते हुए ग्रिड और संबंधित कार्यालयों की निगरानी बढ़ा दी है.

लाइसेंसधारी ठेकेदारों को डराने वालों की अब खैर नहीं, बढ़ाई गई निगरानी

संवाददाता सम्मेलन के दौरान पुलिस कप्तान ने जिले में सरकारी निविदा प्रक्रिया में अनाधिकृत हस्तक्षेप और धमकी की मिल रही शिकायतों को बेहद गंभीरता से लिया है.  एसपी ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व और टेंडर माफिया सक्रिय होकर लाइसेंसधारी संवेदकों को डरा-धमकाकर या उन पर दबाव बनाकर टेंडर प्रक्रिया से जबरन अलग करने की कोशिश करते हैं. इनका मकसद दूसरों को रेस से बाहर कर अपने करीबियों को नाजायज लाभ पहुंचाना होता है. पुलिस कप्तान ने खुलासा किया कि ऐसे कुछ टेंडर माफियाओं को चिन्हित कर उनके खिलाफ गोपनीय जांच शुरू कर दी गई है. अब कोई भी अगर किसी भी कार्यालय में टेंडर को मैनेज करने या प्रभावित करने की कोशिश करेगा, तो उस पर तत्काल और कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

स्वतंत्र और निष्पक्ष होगी निविदा प्रक्रिया, शिकायतकर्ताओं की पहचान रहेगी गुप्त

एसपी विनय तिवारी ने स्पष्ट किया है कि बिहार सरकार की सभी निविदाओं में योग्य संवेदक निर्धारित नियमों के तहत स्वतंत्र और निष्पक्ष रूप से भाग ले सकते हैं.

किसी भी संवेदक को डराना, दबाव बनाना, रंगदारी मांगना या टेंडर से हटने के लिए प्रलोभन देना पूरी तरह से अवैध और गैर-कानूनी है. ऐसे मामलों में पुलिस कतई नरमी नहीं बरतेगी.

ठेकेदारों के मन से डर निकालने के लिए एसपी ने एक बड़ा भरोसा दिलाते हुए कहा कि यदि कोई संवेदक किसी धमकी या रंगदारी की शिकायत पुलिस से करता है, तो शिकायत करने वाले व्यक्ति की पहचान को पूरी तरह से गुप्त (गोपनीय) रखा जाएगा. उन्होंने सभी संवेदकों से अपील की है कि वे बिना किसी खौफ के सरकारी टेंडर प्रक्रिया में हिस्सा लें और विकास कार्यों को आगे बढ़ाएं.

पुलिस ने जारी किया विशेष हेल्पलाइन नंबर

टेंडर प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और भयमुक्त बनाने के लिए गोपालगंज पुलिस ने एक विशेष हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है:

गोपालगंज पुलिस टेंडर हेल्पलाइन: 9031827299

संवेदक इस नंबर पर सीधे किसी भी अवैध गतिविधि, रंगदारी या धमकी की सूचना दे सकते हैं, जिस पर त्वरित एक्शन लिया जाएगा.  एसपी ने सभी मातहत पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को भी निर्देश दिया है कि टेंडर से जुड़ी किसी भी शिकायत पर बिना किसी देरी के तुरंत एफआईआर दर्ज कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजें.

Read More: JDU MLA पप्पू पांडेय को राहत बरकरार, सतीश पांडेय और सीए राहुल तिवारी की जमानत अर्जी पर भी हुई सुनवाई

विज्ञापन
Aditya Kumar Ravi

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Ravi

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन