Gopalganj News : फरार आरोपितों की तलाश में छापेमारी कर रही है पुलिस, नहीं मिल रहा सुराग

Published by : GURUDUTT NATH Updated At : 22 Apr 2025 9:33 PM

विज्ञापन

Gopalganj News : कटेया थाना क्षेत्र के मुजहां गांव में दलित युवक सिकंदर गोंड की चाकू मारकर की गयी हत्या के मामले में फरार आरोपितों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.

विज्ञापन

पंचदेवरी. कटेया थाना क्षेत्र के मुजहां गांव में दलित युवक सिकंदर गोंड की चाकू मारकर की गयी हत्या के मामले में फरार आरोपितों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. सीमावर्ती क्षेत्रों में भी एसआइटी की छापेमारी चल रही है, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिल सका है.

छह आरोपितों को पुलिस भेज चुकी है जेल

हालांकि, इस मामले में पुलिस त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, लेकिन आठ आरोपित अब भी फरार हैं. इनकी तलाश जारी है. इधर, घटना के पांचवें दिन भी मुजहां गांव में पुलिस तैनात रही. एसपी अवधेश दीक्षित के निर्देश पर मुजहां तथा उसके आस-पास में पुलिस के जवानों की तैनाती की गयी है. माहौल बिगड़े नहीं, इसके लिए पल-पल की स्थिति पर नजर रखी जा रही है.

परिजनों में खौफ का माहौल

मंगलवार को बीडीओ राहुल रंजन, सीओ तरुण कुमार रंजन, पंचदेवरी पिकेट प्रभारी राजेश राय आदि पदाधिकारी गश्त लगाते रहे. घटना के दिन से ही सिकंदर का बड़ा भाई धर्मेंद्र गोंड़ गोरखपुर में इलाजरत है. चाकू मारकर उसे भी गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था. इसके बाद परिजन काफी खौफ में हैं. सिकंदर के परिजनों ने एसडीएम व डीएसपी से सुरक्षा की गुहार भी लगायी है. पदाधिकारियों द्वारा इसके लिए आश्वासन भी दिया गया है. पुलिस के वरीय पदाधिकारियों ने आरोपितों पर कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है. पुलिस की मानें, तो कार्रवाई को लेकर गठित टीम सक्रियता से अपना काम कर रही है. ज्ञात हो कि 18 अप्रैल की रात पूर्व में हुए विवाद को लेकर शादी समारोह से लौटने के दौरान सिकंदर व उसके बड़े भाई धर्मेंद्र को चाकू मार दिया गया था. घटना में सिकंदर की मौके पर ही मौत हो गयी थी. वहीं धर्मेंद्र गोरखपुर अस्पताल में मौत से जूझ रहा है. इस मामले में तीन महिलाओं सहित 14 लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है.

मामले के खुलासे के बाद भी कई बिंदुओं पर जांच कर रही पुलिस

सिकंदर की हत्या के दिन आरोपितों से विवाद हुआ था. गेहूं की दंवनी को लेकर विवाद शुरू हुआ. इसमें अन्य लोग भी शामिल थे. दिन में विवाद होता है और उसी समय हत्या की प्लानिंग कर ली जाती है. प्रथम दृष्टया हत्या का कारण दंवनी के दौरान हुआ विवाद ही सामने आया है, लेकिन पुलिस इस मामले में अन्य कई बिंदुओं पर भी जांच कर रही है. कहीं हत्या का कारण पूर्व से चल रहा कोई दूसरा मामला तो नहीं है. इसकी भी गंभीरता से जांच की जा रही है. आरोपितों के घर से पुलिस को कई साक्ष्य मिले हैं. प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पुलिस कार्रवाई में जुटी है.

बोले एसडीपीओ

मुजहां गांव में हुई घटना को लेकर पुलिस काफी सक्रिय है. गंभीरता से मामले की जांच की जा रही है. छह आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. अन्य की तलाश में छापेमारी जारी है. कोई भी दोषी बख्शा नहीं जायेगा. पीड़ित परिवार को जरूर न्याय मिलेगा.

आनंद मोहन गुप्ता, एसडीपीओ, हथुआ

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
GURUDUTT NATH

लेखक के बारे में

By GURUDUTT NATH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन