"दहेज में बाइक नहीं मिली तो मार डाला": गोपालगंज के भैसही में विवाहिता की मौत पर पिता का आरोप, ससुर व पति गिरफ्तार
गिरफ्तार अभियुक्त
Married Woman Death: गोपालगंज के भैसही गांव में दहेज में बाइक न मिलने पर विवाहिता उर्मिला देवी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने पिता की तहरीर पर FIR दर्ज की है. मामले में ससुर और पति को गिरफ्तार किया गया है.
Married Woman Death: मांझा थाना क्षेत्र के भैसही गांव में विवाहिता उर्मिला देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने उसके पिता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की है. प्राथमिकी में दहेज के लिए प्रताड़ित करने और साजिश के तहत पुत्री की हत्या करने का आरोप लगाया गया है. मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है.
आपके शहर में
बरौली थाना क्षेत्र के धदवा गांव निवासी मृतका के पिता रमाशंकर चौधरी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वर्ष 2019 में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार उनकी पुत्री उर्मिला देवी की शादी भैसही गांव निवासी राजकुमार यादव के साथ हुई थी. शादी के समय सामर्थ्य के अनुसार टेबल, कुर्सी, बर्तन, कपड़े, नकद सहित अन्य सामान दहेज में दिया गया था. आरोप है कि मोटरसाइकिल नहीं देने को लेकर ससुराल पक्ष के लोग उर्मिला को लगातार प्रताड़ित करते थे.
ससुराल पक्ष पर हत्या की साजिश का आरोप
आवेदन में बताया गया है कि शादी के बाद उर्मिला ने एक पुत्र को जन्म दिया. इसके बावजूद दहेज को लेकर कथित रूप से प्रताड़ना जारी रही. मृतका के पिता ने सुदामा यादव, राजकुमार यादव, धर्मेंद्र यादव, माया देवी, सुशीला देवी, रीमा कुमारी और ललिता देवी पर साजिश के तहत उर्मिला की हत्या करने का आरोप लगाया है.
24 अगस्त को मिली मौत की सूचना
मृतका के पिता के अनुसार, 24 अगस्त को मोबाइल फोन के माध्यम से उन्हें पुत्री की मौत की सूचना मिली. सूचना मिलने के बाद परिजन भैसही गांव पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पोस्टमार्टम के बाद शव ससुराल पक्ष को सौंप दिया गया.
ससुर को गांव से, पति को सिवान से किया गिरफ्तार
थानाध्यक्ष निरंजन कुमार ने बताया कि पुलिस ने छापेमारी कर मृतका के ससुर सुदामा यादव को भैसही गांव से गिरफ्तार किया. वहीं, पुलिस को देखकर भाग रहे मृतका के पति राजकुमार यादव का पीछा कर उसे सिवान से गिरफ्तार किया गया.
अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
पूछताछ के बाद दोनों गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. अन्य नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों और सगे-संबंधियों के यहां लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें: भरत तिवारी मामले पर बोले सीएम सम्राट चौधरी, कहा- मैं किसी जाति या धर्म का विरोधी नहीं, सुशासन का समर्थक हूं
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए