शराब तस्करों का पीछा कर रही उत्पाद विभाग की टीम पर हमला, गाड़ियां क्षतिग्रस्त, कई पुलिसकर्मी चोटिल

Updated:
विज्ञापन

फोटो नं 10- उत्पाद विभाग के वाहन को किया क्षतिग्रस्त | Prabhat Khabar Network

Attack on Excise Team: गोपालगंज से सीवान में शराब तस्करी के प्रयास में उत्पाद विभाग की टीम पर हमला हुआ. तस्कर स्कॉर्पियो छोड़कर फरार हो गए, लेकिन भीड़ ने टीम को घेरकर पीटा. इस हमले में विभाग की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई और कई जवान घायल हो गए.

विज्ञापन

Attack on Excise Team: महम्मदपुर उत्पाद थाने की टीम शराब तस्करों के संदिग्ध वाहन का पीछा करते हुए सीवान के जामो बाजार थाना क्षेत्र के बलडीहा बथानी टोला पहुंच गयी. यहां शराब तस्कर स्कॉर्पियो छोड़कर फरार हो गये. टीम के जवान जब स्कॉर्पियो को जब्त करने की कोशिश कर रहे थे, तभी 20-25 की संख्या में लोगों ने टीम को घेरकर हमला कर दिया. घटना में उत्पाद विभाग की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गयी, जबकि टीम के कुछ अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें आयी हैं.

आपके शहर में

विज्ञापन

घटना के बाद सीवान और गोपालगंज पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला. पुलिस ने गांव में निगरानी बढ़ाते हुए शराब तस्करों की तलाश शुरू कर दी है.

शराब तस्करों का पीछा करते सीमा पार पहुंची टीम

गोपालगंज से सीवान की ओर भारी मात्रा में शराब ले जाने की सूचना पर महम्मदपुर उत्पाद थाना की टीम जांच अभियान चला रही थी. एएसआइ श्वेता कुमारी, साहब गुप्ता और शशि कुमार ठाकुर के नेतृत्व में टीम को एक संदिग्ध वाहन दिखाई दिया. शराब होने की आशंका पर टीम ने दो वाहनों से उसका पीछा शुरू किया.

अहले सुबह होने के कारण टीम को यह जानकारी नहीं हो सकी कि वह सीवान जिले की सीमा में प्रवेश कर चुकी है. पीछा करते हुए टीम जामो बाजार थाना क्षेत्र के बलडीहा गांव पहुंच गयी. आरोप है कि गांव में संदिग्ध वाहन ने उत्पाद विभाग की गाड़ी में टक्कर मार दी. इसके बाद कई लोग मौके पर जुट गये और टीम को घेरकर हमला कर दिया. स्थिति बिगड़ने पर टीम के जवानों को भागकर अपनी जान बचानी पड़ी.

उत्पाद विभाग की गाड़ी क्षतिग्रस्त

हमले में उत्पाद विभाग के वाहन को काफी नुकसान पहुंचा है. वहीं टीम के कुछ सदस्यों को चोटें आयी हैं. घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और मामले की जांच शुरू कर दी.

जामो बाजार पुलिस के साथ छापेमारी अभियान शुरू

सूचना मिलने पर जामो बाजार थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. बाद में गोपालगंज पुलिस की टीम भी वहां पहुंच गयी. इसके बाद पुलिस ने शराब तस्करों की तलाश में छापेमारी अभियान शुरू कर दिया. संदिग्धों के ठिकानों को खंगाला जा रहा है.

तीन शराब तस्कर नामजद, 20-25 अज्ञात भी आरोपी

मामले में एएसआइ श्वेता कुमारी ने जामो बाजार थाना में आवेदन दिया है. आवेदन में छतीसी गांव निवासी श्रीकांत सिंह, राहुल सिंह और रामूराय टोला निवासी धर्मेंद्र यादव को नामजद अभियुक्त बनाया गया है. वहीं, 20 से 25 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है.

गोपालगंज के उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्राथमिकी के लिए आवेदन दिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

इसे भी पढ़ें: भरत तिवारी मामले पर बोले सीएम सम्राट चौधरी, कहा- मैं किसी जाति या धर्म का विरोधी नहीं, सुशासन का समर्थक हूं


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन