गोपालगंज : पति की दूसरी शादी के एक महीने बाद पहली पत्नी की संदिग्ध मौत, पति और सौतन गिरफ्तार, जानें पूरी खबर
पोस्टमार्टम के लिए मायके के परिजन सदर अस्पताल पंहुचे
Gopalganj woman Suspicious Death : गोपालगंज के मनियारा फार्म गांव में दूसरी शादी के बाद पहली पत्नी की संदिग्ध मौत से हड़कंप मच गया है. मायके वालों ने पति और ससुराल पक्ष पर मारपीट कर हत्या का आरोप लगाया है. मामले में पति की दूसरी पत्नी को गिरफ्तार किया गया है.
Gopalganj woman Suspicious Death : गोपालगंज के कुचायकोट थाना क्षेत्र के मनियारा फार्म गांव में दूसरी शादी को लेकर चल रहे विवाद के बीच 30 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका के मायके वालों ने पति और ससुराल पक्ष पर मारपीट के बाद गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले में पति की दूसरी पत्नी को गिरफ्तार किया गया है और पुलिस जांच में जुटी है.
आपके शहर में
दूसरी शादी के विवाद के बाद महिला की मौत
मनियारा फार्म गांव में दीपा देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया. मृतका की पहचान 30 वर्षीय दीपा देवी, पति बहारान माली, निवासी मनियारा फार्म के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलने के बाद कुचायकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया.
मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
मृतका के मायके वालों का आरोप है कि दीपा देवी के पति ने करीब एक माह पहले दूसरी शादी कर ली थी. इसके बाद पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था. परिजनों के अनुसार मंगलवार की रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ था.
मारपीट के बाद गला दबाने का आरोप
मायके वालों का आरोप है कि विवाद के दौरान दीपा देवी के साथ मारपीट की गई और बाद में गला दबाकर उनकी हत्या कर दी गई. हालांकि महिला की मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी.
सात माह की बच्ची के सिर से उठा मां का साया
परिजनों के अनुसार दीपा देवी की सात माह की एक बच्ची है. उनका मायका नेपाल के निचटा में बताया गया है. मृतका के पिता का नाम हीरा लाल माली बताया गया है. घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है.

पति की दूसरी पत्नी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में मृतका के पति की दूसरी पत्नी रानी देवी को गिरफ्तार किया है. रानी देवी का मायका बेतिया जिले के बिनटोली में बताया गया है. पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की परिस्थितियों और घटना में उसकी कथित भूमिका की जांच कर रही है.
ससुराल पक्ष के अन्य लोग बताए जा रहे फरार
घटना के बाद मृतका के ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के फरार होने की बात सामने आई है. पुलिस उनकी भूमिका की भी जांच कर रही है. फिलहाल पुलिस ने मामले से जुड़े लोगों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों को जांच का आधार बनाया है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Also Read : गोपालगंज में शांतिपूर्ण माहौल में निकला जुलूस, दानापुर से कोइनी तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए