गिरजा कुमारी की मौत के मामले में चौकीदार के बयान पर प्राथमिकी
Published by : SANJAY TIWARI Updated At : 27 Apr 2025 5:46 PM
थाना क्षेत्र के बखरौर जद्दी गांव की गिरजा कुमारी की मौत के मामले में पुलिस ने चौकीदार अवधेश मांझी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है.
बरौली. थाना क्षेत्र के बखरौर जद्दी गांव की गिरजा कुमारी की मौत के मामले में पुलिस ने चौकीदार अवधेश मांझी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है. उधर मृतका गिरजा के पिता शिवदयाल राम ने भी थाने में आवेदन देकर बेटी के हत्यारों को पकड़ने की गुहार लगायी है. पुलिस द्वारा दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि शव कई दिन पुराना जान पड़ता है और अज्ञात अपराधियों द्वारा गिरजा कुमारी की हत्या कहीं और कर साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को झाड़ियों के अंदर फेंक दिया गया है. वहीं पिता ने अपने आवेदन में कहा है कि उसकी बेटी सुबह चार बजे तक अपने घर में थी. उसके बाद वह पता नहीं कब घर से निकली, काफी खोजबीन की गयी लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली और 25 अप्रैल को उसका शव गांव की झाड़ियों में मिला. पिता ने बेटी के हत्यारों को पकड़ने की गुहार लगायी है. गिरजा के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा और वहीं से एसएफएल की टीम उसे जांच के लिए मुजफ्फरपुर ले गयी थी, जहां से जांच के बाद 26 अप्रैल की रात को शव परिजनों के हवाले कर दिया गया, उसी रात को उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया गया. गिरजा के मोबाइल के सीडीआर से खुल सकता है हत्या का राज गिरजा का शव 25 अप्रैल की दोपहर मिला. उस समय तक शव की स्थिति काफी बिगड़ चुकी थी. देखने से लगता था कि गिरजा की हत्या हुए कई दिन हो गये हैं. शव बुरी तरह सूज गया था और चेहरा काला पड़ गया था, चमड़ी फटने लगी थी. गायब होने के समय गिरजा अपना मोबाइल भी साथ ले गयी थी. गिरजा को फोन करके किसने बुलाया, अगर यह जानकारी मिल जाये तो सारी स्थिति साफ हो जायेगी. पुलिस कप्तान स्वयं इस मामले में रूचि ले रहे हैं. उम्मीद है बहुत जल्द हत्यारे पुलिस की पकड़ में होंगे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










