जल्द ही करा लें खिलाड़ियों का निबंधन, 28 से शुरू होगी गोपालगंज जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता
खिलाड़ियों के साथ बैठक करते जिला खेल पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network
गोपालगंज में जिला स्तरीय वार्षिक विद्यालय खेल-कूद प्रतियोगिता-2026 का आयोजन 28 सितंबर से होगा। खिलाड़ियों के निबंधन की अंतिम तिथि 26 सितंबर है। जानिए प्रतियोगिता से जुड़ी पूरी जानकारी।
Gopalganj News : जिला स्तरीय वार्षिक विद्यालय खेल-कूद प्रतियोगिता-2026 के आयोजन की तैयारियां तेज हो गयी हैं. प्रतियोगिता के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा अनिल कुमार के कार्यालय में बैठक हुई. बैठक में प्रतियोगिता से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां पूरी करने को कहा गया.
26 सितंबर तक जमा करना होगा खिलाड़ियों का निबंधन
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के निबंधन की अंतिम तिथि 26 सितंबर निर्धारित की गयी है. संबंधित विद्यालयों के शारीरिक शिक्षा शिक्षक या नामित खेल प्रभारी के माध्यम से खिलाड़ियों का पूर्ण रूप से भरा हुआ योग्यता प्रमाण-पत्र जिला खेल कार्यालय में जमा कराया जायेगा.
विद्यालयों को निर्धारित समय-सीमा के अंदर खिलाड़ियों का निबंधन पूरा कराने को कहा गया है, ताकि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों की प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके.
28 सितंबर से एक अक्टूबर तक होंगे मुकाबले
जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 28 सितंबर से एक अक्टूबर तक जिले के अलग-अलग खेल स्थलों पर किया जायेगा. इसके लिए मिंज स्टेडियम, गोपालगंज क्लब, सम्राट अशोक भवन, जिला अतिथि गृह, माधव उच्च माध्यमिक विद्यालय स्टेडियम मांझा, बरौली उच्च माध्यमिक विद्यालय और कुश्ती प्रशिक्षण केंद्र भोरे को आयोजन स्थल बनाया गया है.
प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक और बालिका खिलाड़ी हिस्सा लेंगे. एथलेटिक्स, कबड्डी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, शतरंज, ताइक्वांडो, कराटे, वुशू, योग और तीरंदाजी समेत विभिन्न खेलों के मुकाबले आयोजित किये जायेंगे.
सुरक्षा और सुविधाओं पर भी रहेगा विशेष ध्यान
बैठक में प्रतियोगिता के दौरान विधि-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था के साथ साफ-सफाई, पेयजल, वाटर टैंकर, चलंत शौचालय समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था पर चर्चा की गयी. खिलाड़ियों के लिए चिकित्सा और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया.
अधिकारियों को आयोजन स्थलों पर आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता समय पर सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े.
अधिकारी, प्रशिक्षक और खिलाड़ी रहे मौजूद
बैठक में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सर्व शिक्षा शिवम कुमार, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता, एसएस बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक, खेल प्रशिक्षक आशुतोष कुमार और रिपुंजय कुमार, कबड्डी खिलाड़ी मनजीत कुमार, कराटे खिलाड़ी अनुष्का श्रीवास्तव तथा शारीरिक शिक्षा शिक्षक राजीव कुमार सिंह और विनीत कुमार शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी, प्रशिक्षक और खिलाड़ी मौजूद रहे
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए