gopalganj news : सिसई में नर्सिंग कॉलेज की बाउंड्री को लेकर हंगामा, एनएच जाम कर ग्रामीणों ने की आगजनी

Edited by SHAILESH KUMAR
Updated:
विज्ञापन

gopalganj news : सौ वर्ष पुराने रास्ते को बंद करने का ग्रामीणों ने जताया विरोध, वाहनों की लगी रही लंबी कतार, प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद शांत हुआ मामला, जांच में जमीन निकली कॉलेज की रैयती

विज्ञापन

gopalganj news : गोपालगंज. प्रखंड क्षेत्र के सिसई स्थित डॉ एम कुमार कॉलेज ऑफ नर्सिंग के समीप शनिवार को रास्ते के विवाद को लेकर जमकर बवाल हुआ.

कॉलेज प्रशासन द्वारा परिसर की बाउंड्री वॉल (घेराबंदी) कराये जाने के विरोध में ग्रामीणों ने भोरे-भिंगारी एनएच-727बी को जाम कर दिया और टायर जलाकर प्रदर्शन किया. सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गयीं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. ग्रामीणों का आरोप है कि कॉलेज के बगल से होकर नयागांव और सिसई के कई टोलों की ओर जाने वाला कच्चा रास्ता पिछले 100 वर्षों से आमजन के उपयोग में था. शनिवार की सुबह जब कॉलेज प्रशासन ने इस रास्ते को बंद कर बाउंड्री का काम शुरू कराया, तो लोग आक्रोशित हो गये. देखते ही देखते सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आये और आगजनी कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी.

प्रशासनिक दखल से मामला हुआ शांतहंगामे की सूचना मिलते ही भोरे थानाध्यक्ष रोहिणी उपाध्याय, जगतौली ओपी प्रभारी आलोक कुमार और सीओ अनुभव राय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों तथा मुखिया शाह आलम और डब्लू बाबा ने उग्र ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और यातायात बहाल कराया.

छात्राओं की सुरक्षा को लेकर घेराबंदी जरूरी

मामले की जांच के दौरान कॉलेज के निदेशक डॉ एम कुमार ने प्रशासन के समक्ष जमीन के वैध कागजात प्रस्तुत किये. जांच में पाया गया कि जिस जमीन पर निर्माण हो रहा है, वह कॉलेज की रैयती जमीन है. डॉ एम कुमार ने बताया कि कॉलेज के हॉस्टल में बड़ी संख्या में छात्राएं रहती हैं. छात्राओं की सुरक्षा और अनुशासन के दृष्टिकोण से परिसर की घेराबंदी करना अनिवार्य हो गया था.

क्या बोले अधिकारी

सीओ अनुभव राय ने स्पष्ट किया कि उक्त भूमि निजी (रैयती) है और अब तक कॉलेज प्रबंधन की मर्जी से वहां से लोग गुजर रहे थे. कानूनन वे अपनी जमीन की घेराबंदी करने के हकदार हैं. ग्रामीणों के आवागमन के लिए स्थानीय मुखिया से वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध कराने को कहा गया है. फिलहाल स्थिति शांतिपूर्ण बनी है.

विज्ञापन
SHAILESH KUMAR

लेखक के बारे में

By SHAILESH KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन