गोपालगंज में वेतन भुगतान के लिए रिश्वत मांगने का आरोप, बैकुंठपुर CHC के क्लर्क से तीन दिनों में जवाब तलब
बैकुंठपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र | Prabhat Khabar Network
गोपालगंज के बैकुंठपुर सीएचसी में वेतन भुगतान के लिए रिश्वत मांगने का आरोप लगा है. क्लर्क अभिषेक कुमार को स्वास्थ्य विभाग ने शो-कॉज नोटिस जारी कर तीन दिनों में जवाब मांगा है. आंख रोग विशेषज्ञ की शिकायत पर यह कार्रवाई हुई है.
Gopalganj News : बैकुंठपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में वेतन भुगतान के लिए रिश्वत मांगने के आरोप में स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है. सीएचसी में कार्यरत क्लर्क अभिषेक कुमार पर वेतन भुगतान के एवज में तीन हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगा है. मामले में सिविल सर्जन डॉ. इसरायल ने संबंधित क्लर्क को शो-कॉज नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर जवाब मांगा है.
आंख रोग विशेषज्ञ की शिकायत पर हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई बैकुंठपुर सीएचसी में पदस्थापित आंख रोग विशेषज्ञ डॉ. सिमेला हैदर की शिकायत के आधार पर की गयी है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वेतन भुगतान की प्रक्रिया के दौरान क्लर्क ने उनसे तीन हजार रुपये की मांग की थी. शिकायत मिलने के बाद सिविल सर्जन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कर्मी से स्पष्टीकरण मांगा है.
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के माध्यम से देना होगा जवाब
सिविल सर्जन की ओर से जारी शो-कॉज नोटिस में शिकायत में लगाए गये आरोपों का उल्लेख किया गया है. क्लर्क को निर्देश दिया गया है कि वह प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के माध्यम से तीन दिनों के भीतर अपना जवाब उपलब्ध करायें. विभाग की ओर से जवाब मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जायेगी.
भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई के संकेत
मामले में स्वास्थ्य विभाग ने जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है. सिविल सर्जन ने स्पष्ट किया है कि स्वास्थ्य विभाग में भ्रष्टाचार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में दोषी पाये जाने वाले लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जायेगी. शो-कॉज नोटिस जारी होने के बाद बैकुंठपुर सीएचसी में इस कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए