मेजर जनरल जितेन्द्र सिंह का सैनिक स्कूल गोपालगंज दौरा: कैडेटों को मिला अनुशासन व राष्ट्रसेवा का नया मंत्र
आधिकारिक दौरे के दौरान मेजर जनरल जितेन्द्र सिंह.
मेजर जनरल जितेन्द्र सिंह ने सैनिक स्कूल गोपालगंज का दो दिवसीय दौरा किया. उन्होंने कैडेटों को सशक्त नेतृत्व, अनुशासन और देश सेवा के लिए प्रेरित किया. इस दौरान नवनिर्मित बालिका छात्रावास का उद्घाटन भी किया गया.
दानापुर/गोपालगंज. झारखंड व बिहार सब एरिया के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) सह लोकल बोर्ड ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन के अध्यक्ष मेजर जनरल जितेन्द्र सिंह (वीएसएम) ने सैनिक स्कूल गोपालगंज का दो दिवसीय आधिकारिक दौरा किया. उनके आगमन पर विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल दिखा और कैडेटों द्वारा उन्हें भव्य 'गार्ड ऑफ ऑनर' पेश कर सम्मानित किया गया.
सशक्त नेतृत्व और देश सेवा का आह्वान
मेजर जनरल जितेन्द्र सिंह ने कैडेटों को संबोधित करते हुए अनुशासन, साहस, निष्ठा और सशक्त नेतृत्व के मूल मंत्रों को जीवन में उतारने की सीख दी. उन्होंने छात्रों को भारतीय सेना का हिस्सा बनकर मातृभूमि की रक्षा और सेवा के लिए आगे आने को प्रेरित किया. इसके साथ ही उन्होंने शिक्षकों को संबोधित कर राष्ट्र निर्माण और संस्थान की गरिमा बनाए रखने में उनके योगदान की जमकर सराहना की.

अलंकरण समारोह में मनस्वी मिश्रा को ट्रॉफी
दौरे के दौरान एक गरिमामय 'इन्वेस्टिचर सेरेमनी' (अलंकरण समारोह) आयोजित की गई. मेजर जनरल ने नव-नियुक्त स्कूल अपोइंटमेंट्स को रैंक लगाकर बैज पहनाए और उन्हें सेवा व उत्तरदायित्व का बोध कराया. एनसीसी कैंप में उत्कृष्ट ड्रिल प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को सम्मानित करने के साथ-साथ झारखंड एवं बिहार सब एरिया द्वारा स्थापित प्रतिष्ठित 'सर्वश्रेष्ठ बालिका कैडेट ट्रॉफी' कैडेट मनस्वी मिश्रा को प्रदान की गई.
नवनिर्मित बालिका छात्रावास का भव्य उद्घाटन
सैनिक स्कूल में अध्ययनरत सैन्य छात्राओं की सुविधाओं को सुदृढ़ करते हुए मेजर जनरल ने नवनिर्मित बालिका छात्रावास का विधिवत उद्घाटन किया. इसके अलावा, व्यस्त दिनचर्या के बावजूद उन्होंने कैडेट मेस में जाकर छात्रों के साथ बैठकर भोजन किया और सहज भाव से संवाद साधा. उनके इस आत्मीय और सरल व्यवहार ने छात्रों के मन में गहरा उत्साह भर दिया.

वार्षिक बजट और कल्याणकारी योजनाओं को मंजूरी
दौरे के अंतिम चरण में मेजर जनरल जितेन्द्र सिंह ने लोकल बोर्ड ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन (LBA) की आधिकारिक बैठक की अध्यक्षता की. बैठक में विद्यालय के वार्षिक बजट और कई छात्र कल्याणकारी योजनाओं को मंजूरी दी गई. साथ ही, परिसर में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
Also Read: पटना में साइबर ठगी के इंटरनेशनल नेटवर्क का खुलासा, चार गिरफ्तार; APK-Malware से सिस्टम खराब कर
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए