गोपालगंज में बोले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पोर्न साइटों पर रोक लगाये केंद्र सरकार

Updated at : 07 Dec 2019 6:14 AM (IST)
विज्ञापन
गोपालगंज में बोले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पोर्न साइटों पर रोक लगाये केंद्र सरकार

अवधेश कुमार राजन गोपालगंज : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी जल-जीवन-हरियाली यात्रा के चौथे दिन शुक्रवार को गोपालगंज के देवापुर पहुंचे. वहां जागरूकता सम्मलेन में उन्होंने हैदराबाद कांड व अन्य घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि देश में सोशल साइट बेहतर टेक्नोलॉजी है, लेकिन उसका लाभ लेने के बजाय कुछ लोग उसका दुरुपयोग कर रहे […]

विज्ञापन

अवधेश कुमार राजन

गोपालगंज : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी जल-जीवन-हरियाली यात्रा के चौथे दिन शुक्रवार को गोपालगंज के देवापुर पहुंचे. वहां जागरूकता सम्मलेन में उन्होंने हैदराबाद कांड व अन्य घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि देश में सोशल साइट बेहतर टेक्नोलॉजी है, लेकिन उसका लाभ लेने के बजाय कुछ लोग उसका दुरुपयोग कर रहे हैं. इंटरनेट पर बहन-बेटियों की गंदी तस्वीरें डालकर युवाओं की मानसिकता को बिगाड़ा जा रहा है. इसका परिणाम है कि आज देश भर में बेटियों के साथ इस तरह का माहौल बना है. उन्होंने कहा कि बिहार सरकार केंद्र से अपील करती है कि गंदी तस्वीरों की साइटों पर प्रतिबंध लगाया जाये.

पोर्न साइटों पर रोक लगने से गंदी चीजें लोग नहीं देख सकेंगे. वहां मौजूद शिक्षा व अन्य विभागों के प्रधान सचिवों की ओर इशारा करते हुए सीएम ने कहा कि स्कूलों में भी पाठ्यक्रम तैयार किया जाये, छात्रों को जागरूक किया जाये कि कुछ लोग गंदी तस्वीरें डालकर उनके भविष्य को बिगाड़ने की कोशिश में हैं. वे वैसी साइट व तस्वीरों काे न देखें. मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाली और जल के बिना जीवन संभव नहीं है.

कल तक दक्षिण बिहार में भू-जल स्तर नीचे गिरता था. इस वर्ष तो दरभंगा जैसे उत्तर बिहार के जिलों में भी भू-जल स्तर गिरा है. कुदरत ने बता दिया कि अब नहीं चेतेंगे तो भू-जल समाप्त हो जायेगा, इसलिए सरकार ने मिशन मोड़ में जलसंचय करने का निर्णय लिया है. जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत तालाब, आहर, पइन, कुओं का जीर्णोद्धार शुरू कर दिया गया है. अगर किसी ने अतिक्रमण किया है तो उसे हर हाल में खाली कराकर उसका जीर्णोद्धार होगा.

जल-जीवन-हरियाली योजना की अमेरिका में चर्चा

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में पल्स पोलियो अभियान को लेकर बिहार की स्थिति खराब थी. जब हमलोग सरकार में आये तो संकल्प के साथ काम किया. हमारे कार्यों को देखने के लिए अमेरिका से बिल गेट्स आये. खगड़िया में जाकर उन्होंने देखा कि बिहार में सच में पोलियो उन्मूलन पर काम हो रहा.

वह आश्चर्यचकित रह गये. इस बार जब बिल गेट्स आये तो क्लाइमेट चेंज को रोकने के लिए जल-जीवन-हरियाली योजना पर उनसे चर्चा हुई. दिल्ली में जाकर बिल गेट्स ने कहा कि अमेरिका, जापान समेत दुनिया के देश अभी सोच रहे हैं कि क्लाइमेट चेंज को कैसे रोके, जबकि बिहार ने उस पर काम शुरू कर दिया है.

291 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास

नीतीश कुमार ने हरियाली यात्रा के दौरान 291 करोड़ की 1025 योजनाओं का शिलान्यास किया. कहा कि ब्रजकिशोर बाबू जब मंत्री थे तो मैं विधायक था. उनका सान्निध्य मिलता था.

वह छोड़कर चले गये. उनके नाम पर स्थापित पॉलिटेक्निक में 150 छात्रों व 100 छात्राओं के छात्रावास और वर्कशॉप का शिलान्यास किया गया है. साथ ही बैकुंठपुर में बने एएनएम ट्रेनिंग कॉलेज व हथुआ में नर्सेज ट्रेनिंग कॉलेज के भवन का उद्घाटन भी किया गया. इनमें सोख्ता, रेन वाटर हार्वेस्टर सिस्टम आदि की योजनाएं शामिल हैं.

सम्मेलन को स्वास्थ्य मंत्री व जिले के प्रभारी मंंत्री मंगल पांडेय, समाज कल्याण मंत्री रामसेवक सिंह, सांसद आलोक कुमार सुमन, डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय, मुख्य सचिव दीपक कुमार आदि ने भी संबोधित किया. इस दौरान विधानसभा में भाजपा के सचेतक सुभाष सिंह, विधायक अमरेंद्र कुमार उर्फ पप्पू पांडेय व मिथिलेश तिवारी, पूर्व मंत्री रामप्रवेश सिंह, पूर्व विधायक मंजीत कुमार सिंह आदि मौजूद थे.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन