गोपालगंज में दिनदहाड़े बंद घर से लाखों के जेवरात चोरी, मास्टर चाबी से ताला खोलकर फरार हुए चोर

मामले की जांच करती पुलिस, घर में बिखरा सामान | Prabhat Khabar Network
Gopalganj News: गोपालगंज के भोरे थाना क्षेत्र के शुकुल डूमर गांव में दिनदहाड़े बंद घर का ताला मास्टर चाबी से खोलकर चोर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
Gopalganj News: भोरे थाना क्षेत्र के शुकुल डूमर गांव में मंगलवार की दोपहर बेखौफ चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए एक बंद घर में दिनदहाड़े लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही भोरे थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
घर खाली मिलते ही चोरों ने बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, शुकुल डूमर गांव निवासी सन्नी कुमार किसी काम से घर से बाहर गए थे. उनकी मां भी घर पर नहीं थीं, जबकि बहन निगम देवी और भाभी नेहा देवी इलाज कराने अस्पताल गई हुई थीं. घर पूरी तरह खाली मिलने का फायदा उठाकर चोरों ने मास्टर चाबी से मुख्य दरवाजे का ताला खोला और अंदर प्रवेश कर गए.
बक्सों के ताले काटकर समेट ले गए जेवरात
घर में घुसने के बाद चोरों ने कमरों में रखे बक्सों और ट्रंकों के ताले कटर से काट दिए. इसके बाद निगम देवी और नेहा देवी के सोने-चांदी के कीमती आभूषण चोरी कर लिए. वारदात को अंजाम देने के बाद चोर घर की चाबी पास में ही फेंककर फरार हो गए.
घर लौटे परिजनों के उड़े होश
जब परिवार के सदस्य वापस घर पहुंचे तो कमरों में सामान बिखरा पड़ा था और बक्सों के ताले टूटे हुए थे. यह दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए. इसके बाद तत्काल भोरे थाना पुलिस को घटना की सूचना दी गई.
पुलिस जांच में जुटी, जल्द गिरफ्तारी का दावा
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रोहिणी उपाध्याय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं. उन्होंने पीड़ित परिवार से लिखित आवेदन लेकर मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी है.
थानाध्यक्ष रोहिणी उपाध्याय ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही घटना में शामिल चोरों की गिरफ्तारी कर चोरी गए आभूषण बरामद कर लिए जाएंगे.
Also Read: बिहार के कलाकारों की चमकेगी किस्मत, अब मुंबई से ही होंगे बुक, घर बैठे फिल्म में मिलेगा काम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










