गया जी : वजीरगंज से दो नाबालिग बच्चियां लापता-कोचिंग से नहीं लौटीं, परिजनों ने अपहरण की जताई आशंका

सांकेतिक तस्वीर
गया जी के वजीरगंज में दो नाबालिग बच्चियों के लापता होने से हड़कंप मच गया है. कोचिंग के लिए निकली ये किशोरियां घर नहीं लौटीं, जिससे परिजनों में अपहरण की आशंका है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
गया जी के वजीरगंज थाना क्षेत्र से दो नाबालिग बच्चियों के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है. बच्चियों के परिजनों ने वजीरगंज थाना में आवेदन देकर खोजबीन की गुहार लगाई है.
आवेदन के अनुसार, बीते शनिवार की सुबह करीब 9 बजे क्षेत्र की 13 वर्षीय एक बच्ची और दूसरे गांव की 14 वर्षीय किशोरी घर से कोचिंग के लिए निकली थीं. दोनों एक साथ ही निकली थीं.
काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास, रिश्तेदारों और कोचिंग सेंटर पर उनकी तलाश की, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिला.
कार्रवाई करने की मांग
परिजनों ने संभावना जताई है कि दोनों को बहला-फुसलाकर कहीं ले जाया गया है और उनका अपहरण किया गया है. पीड़ित परिवार ने पुलिस से दोनों बच्चियों की शीघ्र बरामदगी, मामले की निष्पक्ष जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.
इस संबंध में थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि पीड़ित के बयान पर मामला दर्ज कर लिया गया है. बच्चियों की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं और पुलिस टीम आसपास के क्षेत्रों में लगातार छानबीन कर रही है.
खेत में करंट लगने से किसान की मौत, गांव में छाया शोक
प्रतिनिधि, वजीरगंज. वजीरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत धरमपुर गांव के बधार में सोमवार की संध्या पहर करंट लगने से लगभग 40 वर्षीय किसान रविन्द्र कुमार की मौत हो गई.
जानकारी के अनुसार, रविन्द्र कुमार खेत में कृषि कार्य करने गए थे. इसी दौरान वे किसी तरह विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आ गए और घटनास्थल पर ही अचेत होकर गिर पड़े.
आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए परिजनों की मदद से उन्हें इलाज के लिए वजीरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
किसान की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई. अस्पताल में आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजन शव को लेकर घर लौट गए. इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है.
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से बधार में खुले और लटके तारों को जल्द से जल्द ठीक कराने की मांग की है, ताकि आगे इस तरह की दर्दनाक दुर्घटनाएं न हों.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










