बारिश से गर्मी से मिली राहत, किसानों के चेहरे खिले, शहर में जलजमाव से बढ़ी परेशानी

बारिश के बाद शहर में जलजमाव
गया जिले में बारिश के मौसम ने करवट ली है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है. वहीं, किसानों के लिए धान की रोपनी की उम्मीदें बढ़ी हैं. हालांकि, शहर में जलजमाव की समस्या ने नगर निगम की तैयारियों पर सवाल खड़े किए हैं.
Gaya Ji News : जिले में रविवार से मौसम का मिजाज बदला हुआ है. रविवार को हल्की बारिश के बाद सोमवार की रात से मंगलवार की सुबह तक कभी मध्यम, कभी रिमझिम तो कभी बूंदाबांदी के रूप में लगातार बारिश होती रही. मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान 54.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई. बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया और कई दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली. मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 31.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. सोमवार को अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री और न्यूनतम 24.8 डिग्री सेल्सियस था. वहीं रविवार को अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री और न्यूनतम 28.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था. तापमान में आई गिरावट से लोगों ने राहत महसूस की.
बारिश से किसानों को मिली राहत, धान की रोपनी की तैयारी तेज
बारिश ने किसानों के चेहरे पर मुस्कान लौटा दी है. जिले के कई इलाकों में धान की रोपनी की तैयारियां तेज हो गई हैं. कई स्थानों पर बिचड़ा तैयार है और वर्षा होने से उसकी क्यारियों को पर्याप्त नमी मिली है. किसानों का मानना है कि यदि अगले कुछ दिनों तक इसी तरह बारिश होती रही तो धान की खेती के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी रहेंगी.
थोड़ी बारिश में ही शहर की व्यवस्था हुई बेपटरी
बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की भी पोल खोल दी. मामूली वर्षा के बाद ही कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई. सड़कों पर पानी भर जाने से पैदल राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
केदारनाथ मार्केट, केपी रोड और पुरानी गोदाम में सबसे अधिक परेशानी
शहर के केदारनाथ मार्केट, केपी रोड और पुरानी गोदाम क्षेत्र में जलभराव और कीचड़ के कारण हालात सबसे अधिक खराब रहे. सड़कें कीचड़ से भर जाने के कारण ग्राहक बाजारों की ओर जाने से बचते रहे. इसका सीधा असर इन प्रमुख व्यावसायिक मंडियों के कारोबार पर पड़ा.
नगर निगम की तैयारी पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नालों की सफाई और जल निकासी की समुचित व्यवस्था की गई होती तो जलजमाव की स्थिति नहीं बनती. बारिश के बाद शहर की सफाई व्यवस्था भी काफी लचर नजर आई, जिससे लोगों की परेशानियां और बढ़ गईं.
आगे भी जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में जिले में छिटपुट बारिश होने की संभावना बनी हुई है. ऐसे में तापमान सामान्य रहने के साथ किसानों को खेती के कार्यों में भी मदद मिलने की उम्मीद है.
Also Read : नाली का बहाव रोकने से गली में जलजमाव, मंडा गांव के कई परिवारों की बढ़ी परेशानी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










