प्रशांत किशोर की जीत पर गया जी में जश्न, मां मंगला गौरी से आजाद पार्क तक निकला विशाल विजय जुलूस

Updated:
विज्ञापन

जन सुराज का विशाल विजय जुलूस | Prabhat Khabar Network

पटना के बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर की जीत का जश्न मनाते हुए जन सुराज पार्टी ने गया में एक भव्य विजय जुलूस निकाला. शक्तिपीठ मां मंगला गौरी मंदिर से शुरू हुआ यह जुलूस आजाद पार्क तक पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने डीजे, गाजे-बाजे और आतिशबाजी के साथ अपनी खुशी जाहिर की.

विज्ञापन

गया जी से संजीव कुमार सिन्हा की रिपोर्ट

पटना के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर की जीत की खुशी में मंगलवार को गया में जन सुराज पार्टी की जिला इकाई की ओर से भव्य विजय जुलूस निकाला गया. जुलूस की शुरुआत शक्तिपीठ मां मंगला गौरी मंदिर से हुई, जो आजाद पार्क तक पहुंची. पूरे मार्ग में कार्यकर्ताओं ने डीजे, गाजे-बाजे और आतिशबाजी के साथ जीत का जश्न मनाया. जुलूस का नेतृत्व जन सुराज गया जिला अध्यक्ष रवि रंजन ने किया. इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए. कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी तथा राहगीरों, टोटो चालकों, रिक्शा चालकों और दुकानदारों के बीच भी मिठाइयां बांटी.

जिलाध्यक्ष रवि रंजन ने बताया कि मतदान से तीन-चार दिन पहले उन्होंने मां मंगला गौरी मंदिर में पूजा-अर्चना और हवन कर पार्टी संस्थापक प्रशांत किशोर की जीत की कामना की थी. उन्होंने संकल्प लिया था कि जीत मिलने पर मां मंगला गौरी मंदिर से विशाल विजय जुलूस निकाला जाएगा. उसी संकल्प को पूरा करते हुए आज यह जुलूस आयोजित किया गया.

उन्होंने कहा कि अब तक प्रशांत किशोर सड़क पर रहकर जनता की आवाज उठाते रहे हैं. अब विधानसभा में भी उन्हें जनता की समस्याओं को मजबूती से रखने का अवसर मिलेगा. वे सड़क के साथ-साथ सदन में भी प्रभावी विपक्ष की भूमिका निभाते हुए आम लोगों की आवाज बुलंद करेंगे.

वहीं जन सुराज के जिला प्रवक्ता अमित कार्तिके ने कहा कि इस जीत से पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह कई गुना बढ़ गया है. उन्होंने कहा कि जनता के समर्थन से पार्टी को नई ताकत मिली है और अब सड़क पर उठने वाली जनता की समस्याओं को विधानसभा के पटल तक पहुंचाने का काम किया जाएगा. पार्टी जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन