गया जी पहुंचा झारखंड पुलिस के जवान विक्की कुमार का पार्थिव शव, नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई

अंतिम विदाई में गूंजे देशभक्ति के नारे
Gaya Belaganj Jawan Death : झारखंड पुलिस में तैनात जवान विक्की पाल का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव दलेलचक पहुंचा, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। हजारों युवाओं ने तिरंगे के साथ उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
Gaya Ji Belaganj Jawan Death : गया जी जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत दलेलचक गांव में झारखंड पुलिस में तैनात जवान विक्की पाल उर्फ विक्की कुमार का पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचा. जवान के असामयिक निधन से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पार्थिव शरीर पहुंचते ही मची चीख-पुकार
देर रात जैसे ही जवान विक्की कुमार का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव दलेलचक पहुंचा, परिजनों की चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया. अपने वीर बेटे के अंतिम दर्शन के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग उनके घर पर उमड़ पड़े.
हाथों में तिरंगा लेकर युवाओं ने दी श्रद्धांजलि
हजारों की संख्या में स्थानीय युवाओं ने हाथों में तिरंगा लेकर दिवंगत जवान को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. इस दौरान अंतिम यात्रा में "भारत माता की जय", "विक्की कुमार अमर रहें" और "जब तक सूरज-चांद रहेगा, विक्की तेरा नाम रहेगा" जैसे गगनभेदी नारों से पूरा गांव गूंज उठा. पूरे राजकीय सम्मान के साथ नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी गई.
धनबाद में ड्यूटी से लौटते वक्त हुआ था हादसा
जानकारी के अनुसार, विक्की कुमार झारखंड के धनबाद पुलिस लाइन में अपनी सेवाएं दे रहे थे. बुधवार को अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद लौटने के दौरान एक अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया था. इस भीषण सड़क हादसे में उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. पोस्टमार्टम की कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनके शव को पैतृक गांव लाया गया था.
बिलखता छूटा परिवार, उठी सरकारी नौकरी की मांग
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को तोड़ कर रख दिया है. दिवंगत जवान अपने पीछे अपनी पत्नी, दो पुत्रों और एक पुत्री का भरा-पूरा परिवार बेसहारा छोड़ गए हैं. परिजनों के क्रंदन को देखकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं. इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने राज्य सरकार से मांग की है कि दिवंगत जवान को शहीद के समान सम्मान दिया जाए. इसके साथ ही पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता और परिवार के किसी एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की भी पुरजोर मांग उठाई गई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










