गयाजी में कटहल के नीचे छिपाकर लाई जा रही थी 920 लीटर स्प्रिट की खेप, पुलिस ने घेराबंदी कर चार तस्करों को किया गिरफ्तार
Published by : Sakshi kumari Updated At : 03 Jun 2026 9:49 AM
गिरफ्तार तस्करों के साथ पुलिस
Gayaji News: गयाजी में कटहल से लदी पिकअप वैन में छिपाकर लाई जा रही स्प्रिट की खेप को गुप्त सूचना के आधार पर पकड़ा गया. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार तस्करों को गिरफ्तार किया है
Gayaji News: (डोभी प्रखंड से ओमकार सिन्हा की रिपोर्ट)
गयाजी जिले के बहेरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए 920 लीटर अवैध स्प्रिट बरामद की है. कटहल से लदी पिकअप वैन में छिपाकर लाई जा रही स्प्रिट की खेप को गुप्त सूचना के आधार पर पकड़ा गया. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि तस्करी में इस्तेमाल एक पिकअप वैन और एक कार को भी जब्त कर लिया गया.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
बहेरा थानाध्यक्ष रविरंजन कुमार ने बताया कि पटना मद्य निषेध इकाई से सूचना मिली थी कि झारखंड के हंटरगंज की ओर से एक सब्जी लदी पिकअप वैन में भारी मात्रा में स्प्रिट छिपाकर लाई जा रही है. साथ ही एक कार में सवार अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखते हुए पिकअप चालक को लोकेशन उपलब्ध करा रहे थे.
पुलिस को देखते ही भागने लगा पिकअप चालक
सूचना मिलते ही बहेरा पुलिस ने डोभी-चतरा मुख्य मार्ग पर धिरजा पुल के समीप दोनों तरफ से घेराबंदी कर दी. पुलिस को देखते ही पिकअप चालक ने वाहन घुमाकर भागने की कोशिश की, लेकिन सशस्त्र बल की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से उसे पकड़ लिया गया. इसी दौरान रेकी कर रही कार को भी रोककर उसमें सवार दो लोगों को हिरासत में लिया गया.
कटहल के नीचे छिपाए गए थे 23 गैलन स्प्रिट
तलाशी के दौरान पिकअप वैन में कटहल के नीचे छिपाकर रखे गए 23 गैलन स्प्रिट बरामद किए गए. प्रत्येक गैलन में 40 लीटर स्प्रिट भरा हुआ था. इस तरह कुल 920 लीटर अवैध स्प्रिट जब्त की गई. बरामद खेप की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है.
झारखंड और बिहार के चार तस्कर गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झारखंड के हंटरगंज थाना क्षेत्र के खुर्दखुट्टी केवल निवासी यशवंत प्रसाद, औरंगाबाद नगर थाना क्षेत्र के शाहपुर निवासी सतीश कुमार सिंह, चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के चौराही निवासी रामनाथ यादव तथा औरंगाबाद के मदनपुर थाना क्षेत्र के जमुआ निवासी सुदीना उर्फ बुल्ली चौहान के रूप में की गई है.
पूछताछ में खुला अंतरराज्यीय गिरोह का नेटवर्क
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि स्प्रिट की खेप उनके अन्य साथियों की थी. साथ ही कार में सवार सदस्य पुलिस की रेकी कर पिकअप चालक को रास्ते और पुलिस की गतिविधियों की जानकारी दे रहे थे. आरोपियों के पास से कई मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद कर जब्त किए गए हैं.
शराबबंदी कानून के तहत आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और जब्त सामग्री को थाना लाया गया. मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है. पुलिस इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी हुई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sakshi kumari
साक्षी देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की धरती सीवान से आती हैं. पत्रकारिता में करियर की शुरुआत News4Nation के साथ की. 3 सालों तक डिजिटल माध्यम से पत्रकारिता करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. बिहार की राजनीति में रुचि रखती हैं. हर दिन नया सीखने के लिए इच्छुक रहती हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










