गयाजी में ट्रेन से एक किलो सोना लूटकांड मामले में बड़ी कार्रवाई, रेल थानाध्यक्ष सहित तीन के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल

Published by : Sakshi kumari Updated At : 03 Jun 2026 12:55 PM

विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

Gayaji News: गयाजी रेल थाना क्षेत्र के बहुचर्चित सोना लूटकांड मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तत्कालीन रेल थानाध्यक्ष सहित तीन आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल कर दिया है.

विज्ञापन

Gayaji News: (गयाजी कोर्ट से रिपोर्टर केके पाठक की रिपोर्ट )
गयाजी रेल थाना क्षेत्र के बहुचर्चित सोना लूटकांड मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तत्कालीन रेल थानाध्यक्ष सहित तीन आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल कर दिया है. नवंबर 2025 में ट्रेन में सफर कर रहे एक यात्री से पूछताछ के बहाने करीब एक किलोग्राम सोना लूटे जाने के आरोप ने रेलवे महकमे में सनसनी फैला दी थी. मामले में चार अन्य आरोपियों के खिलाफ अभी भी जांच जारी है.

रेल थानाध्यक्ष समेत तीन आरोपी चार्जशीटेड

पुलिस द्वारा दाखिल आरोप पत्र में तत्कालीन रेल थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, स्वर्ण आभूषण व्यवसायी मोहित अग्रवाल उर्फ मोनू और परवेज आलम को आरोपी बनाया गया है. जांच एजेंसियों का दावा है कि उपलब्ध साक्ष्यों और तकनीकी प्रमाणों के आधार पर तीनों के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिले हैं.

ट्रेन में पूछताछ के बहाने हुई थी सोने की लूट

यह मामला नवंबर 2025 का है. जब हावड़ा-बीकानेर-जोधपुर एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे एक यात्री से पूछताछ के नाम पर करीब एक किलोग्राम सोना लूट लिए जाने का आरोप सामने आया था. घटना के बाद मामला काफी चर्चित हुआ और इसकी जांच उच्च स्तर पर कराई गई. रेल थाना कांड संख्या 334/2025 से जुड़े इस मामले की जांच पटना रेल पुलिस मुख्यालय के नेतृत्व में गठित विशेष जांच टीम ने की थी. टीम ने कई स्तरों पर जांच करते हुए तकनीकी और भौतिक साक्ष्य जुटाए.

मोबाइल कॉल डिटेल से मिले अहम सुराग

सहायक अभियोजन पदाधिकारी विजय कुमार ने बताया कि जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) का विश्लेषण किया गया. इस प्रक्रिया में कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए, जिन्होंने मामले की कड़ियों को जोड़ने में अहम भूमिका निभाई.

व्यवसायी के घर से बरामद हुआ था सोना

पुलिस के अनुसार लूटे गए सोने को स्वर्ण आभूषण व्यवसायी मोहित अग्रवाल ने खरीदा था. जांच के दौरान उसके घर से करीब 98 ग्राम सोना बरामद किया गया था. यह बरामदगी मामले में एक महत्वपूर्ण साक्ष्य मानी जा रही है. जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि परवेज आलम के प्लांट में सोने के बिस्किट काटे गए थे. पुलिस का मानना है कि लूटे गए सोने को पहचान से बचाने और खपाने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई थी.

चार अन्य आरोपियों पर अब भी जारी है जांच

अभियोजन पक्ष के अनुसार तीन आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया जा चुका है, जबकि मामले में नामजद या संदिग्ध चार अन्य लोगों के खिलाफ अनुसंधान जारी है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद उनके खिलाफ भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

अब अदालत में चलेगी सुनवाई

रेल पुलिस ने दावा किया है कि तकनीकी जांच, बरामदगी और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोप पत्र तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है. अब मामले की सुनवाई अदालत में होगी, जहां अभियोजन पक्ष अपने साक्ष्य पेश करेगा और न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.

Also Read: बोधगया में मतदान जारी, मतदाताओं में दिख रहा भारी उत्साह, बूथों पर लगी लंबी लाइन

विज्ञापन
Sakshi kumari

लेखक के बारे में

By Sakshi kumari

साक्षी देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की धरती सीवान से आती हैं. पत्रकारिता में करियर की शुरुआत News4Nation के साथ की. 3 सालों तक डिजिटल माध्यम से पत्रकारिता करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. बिहार की राजनीति में रुचि रखती हैं. हर दिन नया सीखने के लिए इच्छुक रहती हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन