गया के रबर डैम में दोस्त को बचाने उतरा 16 साल का करण, कुछ ही पलों में थम गई सांसें
फल्गु नदी के रबर डैम में डूबा 16 वर्षीय किशोर, काफी मशक्कत के बाद बरामद हुआ शव
गया के फल्गु नदी स्थित रबर डैम में नहाने गए 16 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। एसडीआरएफ की टीम ने काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।
Gaya News : गया शहर के फल्गु नदी स्थित रबर डैम में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया. भैरव स्थान गोदावरी निवासी 16 वर्षीय करण कुमार की डूबने से मौत हो गई. परिजनों के अनुसार, करण शुक्रवार की सुबह करीब 10:30 बजे चाय पीने के बाद मोहल्ले के तीन-चार दोस्तों के साथ फल्गु नदी में स्नान करने गया था.
दूसरे बच्चे को बचाने की कोशिश में गहरे पानी में गया
बताया गया कि स्नान करने के दौरान एक अन्य बच्चा गहरे पानी में डूबने लगा. उसे बचाने के प्रयास में करण भी गहरे पानी में चला गया. देखते ही देखते वह गहरे पानी में लापता हो गया. घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ टीम को जानकारी दी गई. इसके बाद एसडीआरएफ की टीम और स्थानीय लोगों ने फल्गु नदी में खोजबीन शुरू की. काफी देर तक चले अभियान के बाद करीब 12 बजे करण का शव नदी से बाहर निकाला गया.
शव मिलते ही परिवार में मचा कोहराम
शव बरामद होने के बाद पुलिस ने उसे अपने कब्जे में ले लिया. आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल अस्पताल भेज दिया गया. किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.
मुफस्सिल थाना क्षेत्र से जुड़ा है मामला
बताया जा रहा है कि घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र से संबंधित है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है.
ALSO READ : PHOTOS : बिहार के गया जी की 5 मशहूर मिठाइयां, स्वाद ऐसा कि पर्यटक घर ले जाना नहीं भूलते
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










