गया में छात्राओं को पुलिस ने क्यों दी ये खास चेतावनी? वजह जानकर चौंक जाएंगे
महिला सुरक्षा की जानकारी देते महिला एसआई निधि कुमारी
गुरुआ उच्च विद्यालय में पुलिस ने छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव और हेल्पलाइन नंबरों की महत्वपूर्ण जानकारी दी।
गुरुआ थाना की महिला एसआइ निधि कुमारी एवं पुलिस पदाधिकारी हरेराम सिंह ने शुक्रवार को गुरुआ उच्च विद्यालय पहुंचकर छात्र-छात्राओं के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया. इस दौरान बिहार पुलिस की 'पुलिस दीदी टीम (अभया ब्रिगेड)' के तहत 'ऑपरेशन विधि पालक युवक' अभियान की विस्तार से जानकारी दी गयी.
महिला सुरक्षा और साइबर अपराध पर दी जानकारी
पुलिस अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, छेड़खानी, स्टॉकिंग, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा कानूनी अधिकारों के बारे में जागरूक किया. उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की घटना होने पर डरने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें और उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें.
181 से 1930 तक हेल्पलाइन नंबर बताए
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सेवा 112 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी गयी. पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से किसी भी परेशानी की स्थिति में संबंधित हेल्पलाइन की मदद लेने की अपील की.
फर्जी लिंक और ऑनलाइन ठगी से रहें सावधान
पुलिस पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों को अनजान कॉल, फर्जी लिंक और ऑनलाइन ठगी से सावधान रहने की सलाह दी. सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय निजी जानकारी साझा नहीं करने और किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की बात कही गयी.
छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाना अभियान का उद्देश्य
महिला एसआइ निधि कुमारी ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा युवाओं को कानून के प्रति जागरूक बनाना है. उन्होंने छात्राओं से किसी भी घटना को छिपाने के बजाय बिना डर पुलिस से संपर्क करने की अपील की.
अपराध रोकने में पुलिस का सहयोग करें विद्यार्थी
पुलिस पदाधिकारी हरेराम सिंह ने विद्यार्थियों से समाज में अपराध रोकने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की. उन्होंने कहा कि आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर उसे तुरंत पुलिस तक पहुंचाएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.
शिक्षकों ने पुलिस की पहल को सराहा
विद्यालय के प्रधानाध्यापक नागेंद्र कुमार और शिक्षकों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की. उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और कानूनी अधिकारों से जुड़े ऐसे जागरूकता कार्यक्रम छात्रों के लिए बेहद उपयोगी और प्रेरणादायक हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










