गया जंक्शन पर आरपीएफ-जीआरपी की बड़ी कार्रवाई, 3 शातिर चोर दबोचे गए

Updated:
विज्ञापन

गिरफ्तार आरोपी के साथ रेलवे पुलिस

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

Gaya Junction News: गया रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी (GRP) की संयुक्त टीम ने ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल के तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है.

विज्ञापन

Gaya Junction News: (गयाजी कार्यालय से रोहित कुमार सिंह की रिपोर्ट ) :
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा चलाए जा रहे विशेष ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत गया जंक्शन पर संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन अंतर्राज्यीय चोरों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है. आरपीएफ इंस्पेक्टर बनारसी यादव और रेल थानाध्यक्ष शिवकुमार ने संयुक्त रूप से बताया कि आरपीएफ गया, सीआईबी गया, सीपीडीएस और जीआरपी गया की संयुक्त टीम स्टेशन परिसर में अपराध नियंत्रण एवं संदिग्ध व्यक्तियों की धरपकड़ के लिए विशेष निगरानी कर रही थी. इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 1बी के दिल्ली छोर पर तीन व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में बैठे दिखाई दिए. पुलिस टीम को अपनी तरफ आता देख वे भागने का प्रयास करने लगे, जिसके बाद टीम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें चारों तरफ से घेरकर रोक लिया और कड़ी पूछताछ शुरू की.

विज्ञापन

पकड़े गए सभी आरोपी पश्चिम बंगाल के निवासी, तलाशी में खुला राज

पुलिस द्वारा पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान सिराजुल इस्लाम गाजी (40 वर्ष), रोमजन शेख (28 वर्ष) तथा मिजनौर रहमान गाजी (36 वर्ष) के रूप में हुई है. ये तीनों आरोपी पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के कैनिंग थाना क्षेत्र के मारा हल्दी गांव के रहने वाले हैं, जो ट्रेनों में घूम-घूमकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं. सुरक्षा बल की टीम द्वारा जब इन तीनों की सघन तलाशी ली गई, तो इनके पास से यात्रियों से चुराए गए सामान बरामद हुए. अभियुक्तों ने कड़ाई से की गई पूछताछ में स्वीकार किया कि बरामद किए गए मोबाइल फोन और पर्स उन्होंने गया रेलवे स्टेशन पर अलग-अलग यात्री ट्रेनों से उड़ाए थे.

महिला यात्री का पर्स और मोबाइल बरामद, आभूषण और दस्तावेज भी मिले

तलाशी के दौरान आरोपी सिराजुल इस्लाम गाजी के पास से ओप्पो कंपनी का एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन और रोमजन शेख के पास से वीवो कंपनी का एक मोबाइल फोन बरामद किया गया. वहीं, तीसरे आरोपी मिजनौर रहमान गाजी के पास से एक ग्रे रंग का लेडीज पर्स बरामद किया गया. इस पर्स की जांच करने पर उसमें एक महिला यात्री पूजा कुमारी के नाम का पैन कार्ड, पहचान पत्र, एक पीले धातु (सोने) का कान का टपस (आभूषण) तथा कुछ कॉस्मेटिक सामान मौजूद थे. बरामद किए गए दोनों मोबाइल और आभूषण समेत कुल सामान की अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपये आंकी गई है, जिसे पुलिस ने विधिवत जब्त कर लिया है.

जीआरपी थाना में मामला दर्ज, आरोपियों को जेल भेजने की तैयारी

इस बड़ी सफलता के बाद उप निरीक्षक (सब-इंस्पेक्टर) विकास कुमार की लिखित शिकायत के आधार पर जीआरपी थाना गया में कांड संख्या-155/2026 दर्ज किया गया है. यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत दर्ज कर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी गई है. रेल पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन चोरों का नेटवर्क गया और बिहार के अन्य किन-किन स्टेशनों पर सक्रिय है. आरपीएफ और जीआरपी की इस त्वरित कार्रवाई से रेल यात्रियों ने राहत की सांस ली है. गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है.

Also Read: दाखिल-खारिज से डिजिटल सीडिंग तक शानदार काम, बेलागंज अंचल को मिला पहला स्थान

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन