इमामगंज सीएचसी के डॉक्टर पर इंजरी रिपोर्ट के नाम पर घूस मांगने का आरोप, वीडियो वायरल

Published by : Suryakant Kumar Updated At : 08 Jun 2026 8:30 PM

विज्ञापन

वायरल वीडियो की तस्वीर

Gaya Ji News: गया जिले के इमामगंज प्रखंड मुख्यालय स्थित सीएचसी में पदस्थापित डॉ. गुलजार अहमद का मारपीट के एक मामले में इंजरी रिपोर्ट बनाने के नाम पर पैसे के लेन-देन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. पीड़ित परिवार और हम (सेक्युलर) के प्रखंड अध्यक्ष रामप्रीत भारती का आरोप है कि डॉक्टर द्वारा इंजरी रिपोर्ट के लिए पैसों की मांग की गई थी, जिसके बाद उन्हें कुल पंद्रह सौ रुपये दिए गए. हालांकि, आरोपित डॉक्टर का कहना है कि उन्होंने वह राशि पीड़ित पक्ष को वापस कर दी थी. प्रभात खबर डिजिटल इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है.

विज्ञापन

Gaya Ji News (इमामगंज से निर्भय पांडेय की रिपोर्ट ) :
प्रखंड मुख्यालय स्थित सीएचसी में पदस्थापित डॉ. गुलजार अहमद का मारपीट के एक मामले में इंजरी रिपोर्ट बनाने के नाम पर पैसे के लेन-देन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. हालांकि, आरोपित चिकित्सक का कहना है कि उन्होंने पीड़ित पक्ष को पैसे वापस कर दिए हैं. डॉक्टर के इस बयान से यह भी संकेत मिलता है कि इंजुरी रिपोर्ट से संबंधित मामले में उनसे पैसे लिए गए थे. हालांकि, इस वायरल वीडियो की पुष्टि प्रभात खबर डिजिटल नहीं करता है.

इंजुरी रिपोर्ट के लिए कुल पंद्रह सौ रुपये लेने का आरोप

इस संबंध में हम (सेक्युलर) के प्रखंड अध्यक्ष रामप्रीत भारती तथा घायल पक्ष की परिजन रेखा देवी ने बताया कि छोटका करासन गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई थी. घटना में घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए चिकित्सकों द्वारा मगध मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था. आरोप है कि इसी मामले में इंजरी रिपोर्ट बनाने के लिए डॉ. गुलजार अहमद ने पीड़ित परिवार से पैसे की मांग की. आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण परिजनों ने पहले 500 रुपये दिए, लेकिन डॉक्टर द्वारा अधिक राशि की मांग की जा रही थी. इसकी शिकायत पीड़ित परिवार ने हम प्रखंड अध्यक्ष रामप्रीत भारती से की.

प्रखंड अध्यक्ष ने की निष्पक्ष जांच की मांग

प्रखंड अध्यक्ष रामप्रीत भारती ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद वह मरीज के परिजनों के साथ अस्पताल पहुंचे और वीडियो रिकॉर्डिंग के दौरान पीड़ित ने डॉक्टर को एक हजार रुपये और दिए. इस प्रकार कुल पंद्रह सौ रुपये दिए गए. उन्होंने आरोप लगाया कि पैसे देने के बाद जब उन्होंने आशंका जताई कि कहीं भुगतान के बावजूद काम न हो, तो डॉक्टर ने अपशब्दों का प्रयोग करते हुए कहा कि वे लोग ऐसा नहीं करते हैं. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित डॉक्टर के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है.

डॉक्टर का बयान

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर जब पत्रकारों ने डॉ. गुलजार अहमद से उनका पक्ष जानना चाहा तो उन्होंने बताया कि मारपीट के एक मामले में पैसे लिए गए थे. लेकिन थाना से रिपोर्ट आने के बाद ही इंजरी रिपोर्ट देने की बात कहते हुए उन्होंने वह राशि वापस कर दी थी. इस घटना को लेकर क्षेत्र के लोगों और अस्पताल कर्मियों के बीच विभिन्न तरह की चर्चाएं चल रही हैं.

Also Read: MLC बनाने का झांसा देकर गयाजी की शिक्षिका का यौन शोषण, साथी शिक्षक ने ब्लैकमेल कर ₹14.81 लाख भी ठगे

विज्ञापन
Suryakant Kumar

लेखक के बारे में

By Suryakant Kumar

सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन