गयाजी में 14 और 17 जून को होगी सिपाही भर्ती परीक्षा, जानिए रिपोर्टिंग का समय

Published by : Suryakant Kumar Updated At : 12 Jun 2026 9:47 PM

विज्ञापन

संयुक्त ब्रीफिंग में डीएम, एसएसपी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी

Gaya Ji News: गया जिले के 14 केंद्रों पर 14 और 17 जून को दो-दो पालियों में सिपाही भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जाएगा. केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा आयोजित इस परीक्षा में कुल 26,592 अभ्यर्थी शामिल होंगे. परीक्षा के कदाचारमुक्त और पारदर्शी संचालन के लिए डीएम शशांक शुभंकर और एसएसपी सुशील कुमार ने संयुक्त ब्रीफिंग की. परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों के 500 गज के दायरे में धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी और मोबाइल समेत सभी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा.

विज्ञापन

गयाजी से हरिबंश कुमार की रिपोर्ट:
Bihar Police Constable Exam 2026 :
केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल और चलंत दस्ता सिपाही पदों पर भर्ती के लिए आगामी 14 और 17 जून को लिखित परीक्षा का आयोजन किया जाएगा. गया जिले में कुल 14 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली इस परीक्षा के सफल और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं. शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में डीएम शशांक शुभंकर और एसएसपी सुशील कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में संबंधित केंद्राधीक्षकों, मजिस्ट्रेटों और पुलिस पदाधिकारियों की एक संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई.

इस बैठक में डीएम ने सभी पदाधिकारियों को परीक्षा का संचालन पूरी पारदर्शिता, स्वच्छता और कदाचारमुक्त वातावरण में सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) के निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

दो पालियों में होगी परीक्षा, जानिए रिपोर्टिंग का समय

यह परीक्षा दोनों निर्धारित दिनों (14 और 17 जून) को दो-दो पालियों में आयोजित की जाएगी. प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर बाद 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी. 14 जून को दोनों पालियों में 6,648-6,648 अभ्यर्थी परीक्षा में बैठेंगे, जबकि 17 जून को भी इसी संख्या में परीक्षार्थी शामिल होंगे. इस प्रकार दोनों दिनों को मिलाकर कुल 26,592 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे. अभ्यर्थियों के लिए प्रथम पाली का रिपोर्टिंग समय सुबह 8 बजे तथा द्वितीय पाली का रिपोर्टिंग समय दोपहर 1 बजे निर्धारित किया गया है. प्रथम पाली में सुबह 9 बजे के बाद और द्वितीय पाली में दोपहर 2 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी.

मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की भारी तैनाती, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर रोक

प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक केंद्र ऑब्जर्वर, दो-दो स्टैटिक दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. इसके अतिरिक्त परीक्षा की विशेष निगरानी के लिए 31 स्टैटिक मजिस्ट्रेट और 8 जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं, जो लगातार केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे. परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट के साथ प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए जिला स्तर पर एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जिसकी दूरभाष संख्या 0631-2222634 है.

परीक्षा केंद्रों के 500 गज की परिधि में धारा 163 लागू, होगी वीडियोग्राफी

डीएम ने सभी प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारियों को परीक्षा के दिन सुबह 7 बजे तक अपने संबंधित केंद्रों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया है. परीक्षा अवधि के दौरान सभी केंद्रों पर सतत वीडियोग्राफी कराई जाएगी. सुरक्षा के मद्देनजर सभी परीक्षा केंद्रों के 500 गज की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी. इसके साथ ही परीक्षार्थियों की सुविधा और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए अलग से दंडाधिकारियों और पुलिस बल को तैनात किया गया है.

Also Read: गयाजी में 21 जून को NEET UG री-एग्जाम, जानिए 13 केंद्रों पर कैसी होगी व्यवस्था

विज्ञापन
Suryakant Kumar

लेखक के बारे में

By Suryakant Kumar

सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन