गया के डोभी में बंद फार्म हाउस में चोरी, CCTV में कैद हुए तीन नकाबपोश, पुलिस ने शुरू की जांच
सीसीटीव फुटेज में नकाबपोश चोर
डोभी थाना क्षेत्र के सेवईचक गांव में बंद फार्म हाउस में नकाबपोश चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस जांच में जुटी है।
डोभी थाना क्षेत्र के सेवईचक गांव में सोमवार रात अज्ञात चोरों ने एक बंद फार्म हाउस में चोरी की वारदात को अंजाम दिया. घटना के बाद घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में तीन नकाबपोश संदिग्ध साफ दिखाई दिए, जो देर रात फार्म हाउस में घुसकर अलमारियों और दराजों के ताले तोड़ते नजर आए.
सीसीटीवी में आंशिक रूप से कैद हुआ एक संदिग्ध का चेहरा
सीसीटीवी फुटेज में चोरी के दौरान एक संदिग्ध का नकाब कुछ देर के लिए हट गया, जिससे उसका चेहरा आंशिक रूप से कैमरे में कैद हो गया. फुटेज के आधार पर पुलिस संदिग्धों की पहचान में जुट गई है. बताया जा रहा है कि चोर काफी देर तक घर के अंदर घूमते रहे और कई कमरों की तलाशी ली.
रांची में रहते हैं गृहस्वामी, सुबह चली चोरी की जानकारी
जानकारी के अनुसार फार्म हाउस के मालिक अजय कुमार अपने परिवार के साथ रांची में रहते हैं और विशेष अवसरों पर ही गांव आते हैं. मंगलवार सुबह उन्होंने मोबाइल पर सीसीटीवी फुटेज देखा, जिसके बाद रिश्तेदारों और ग्रामीणों को सूचना दी. मौके पर पहुंचने पर घर के ताले टूटे मिले और अलमारियां व दराजें खुली हुई थीं.
पुलिस जांच में जुटी, चोरी गए सामान का होगा आकलन
घटना की सूचना मिलते ही डोभी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए. थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि यह बंद घर में चोरी का मामला है. गृहस्वामी के रांची से लौटने के बाद चोरी गए सामान का आकलन किया जाएगा. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है और ग्रामीणों से भी सहयोग की अपील की है.
संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि आसपास कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत स्थानीय थाना को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर अपराधियों को गिरफ्तार किया जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










