गया : बांकेबाजार में SDO का सख्त निर्देश, कहा- लोगों को कार्यालय के चक्कर न लगवाएं, लंबित काम जल्द निपटाएं
बैठक में उपस्थित एसडीओ व अन्य पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network
गया जी जिले के बांकेबाजार प्रखंड स्थित तिलैया पंचायत सरकार भवन में एसडीओ जतिन कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में राजस्व, स्वास्थ्य, शिक्षा, पीएचईडी और जन वितरण प्रणाली से जुड़े कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए गए.
गया जी के बांकेबाजार प्रखंड के पंचायत सरकार भवन तिलैया के सभागार में मंगलवार को विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. इस बैठक की अध्यक्षता एसडीओ जतिन कुमार ने की. बैठक के दौरान उन्होंने बारी-बारी से विभिन्न विभागों के अधिकारियों से क्षेत्र में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विभागीय कार्यों की अद्यतन प्रगति की विस्तृत जानकारी ली.
राजस्व विभाग से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए एसडीओ ने दाखिल-खारिज, परिमार्जन, भूमि बंटवारा और छोटे-मोटे आपसी भूमि विवादों का समय पर और पारदर्शिता के साथ निष्पादन करने का कड़ा निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि आम जनता को अपने छोटे-छोटे कामों के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े, इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए.
स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में साफ-सफाई की मुकम्मल व्यवस्था रखने, मरीजों को समुचित इलाज मुहैया कराने, जांच की पर्याप्त सुविधा, लैब और एंबुलेंस जैसी तमाम स्वास्थ्य सुविधाओं को पूरी तरह दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया.
वहीं, शिक्षा विभाग के अधिकारियों को विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, विद्यालयों का लगातार निरीक्षण करने और बच्चों को उच्च कोटि की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया.
पेयजल और जन वितरण प्रणाली की समीक्षा
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (PHED) को यह निर्देश दिया गया कि वे नल-जल योजना के माध्यम से क्षेत्र के सभी लोगों को नियमित रूप से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें. इसके अलावा, जन वितरण प्रणाली (PDS) की समीक्षा करते हुए राशन से वंचित पात्र लाभुकों का राशन कार्ड में प्राथमिकता के आधार पर नया नाम जोड़ने तथा सभी लाभुकों को समय पर सही मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया.

एसडीओ ने सभी संबंधित अधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि विभाग से जुड़े छोटे-बड़े सभी लंबित कार्यों का जल्द से जल्द निष्पादन किया जाए. किसी भी कार्य को अनावश्यक रूप से लंबित रखना कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आगामी समीक्षा बैठक में कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता के लिए समय न मिलने या अन्य किसी भी बहाने को स्वीकार नहीं किया जाएगा. यदि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बरती जाती है, तो संबंधित पदाधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
इस बैठक में बीडीओ डॉ. उदय कुमार, सीओ सूरज कुमार, बीईओ अनिल कुमार, सीडीपीओ चंदना माधव, एमओ सुनील कुमार, थानाध्यक्ष पवन कुमार, अनु राजा, मुखिया अशोक यादव सहित विभिन्न विभागों के अन्य पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Loading Review Hub...
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए