गया न्यूज: चलती बस बनी आग का गोला, घंटों बाधित रहा ट्रैफिक

Published by : kumarsuryakant Updated At : 16 May 2026 5:20 PM

विज्ञापन

बस की आग बुझाते दमकलकर्मी

Gaya News: गया-डोभी मुख्य मार्ग पर एम्स अस्पताल के पास शुक्रवार दोपहर एक चलती बस में अचानक आग लग गई. बस मरम्मत के बाद डोभी वर्कशॉप से लौट रही थी. घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई. दमकल और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और ट्रैफिक डायवर्ट किया.

विज्ञापन

Gaya News (संजीव कुमार सिन्हा): गया-डोभी मुख्य मार्ग पर शुक्रवार की दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बिहार राज्य परिवहन निगम से जुड़ी बताई जा रही एक बस अचानक आग की लपटों में घिर गई. घटना दोपहर करीब 3 बजे एम्स अस्पताल के नजदीक हुई. राहत की बात यह रही कि बस में कोई यात्री सवार नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया.

जानकारी के अनुसार, बस डोभी वर्कशॉप से मरम्मत कराकर गांधी मैदान स्थित सरकारी बस स्टैंड लौट रही थी. इसी दौरान रास्ते में अचानक बस में आग लग गई और देखते ही देखते पूरा वाहन धू-धू कर जलने लगा.

चालक और कंडक्टर मौके से फरार, सड़क पर मची अफरा-तफरी

आग लगते ही चालक और कंडक्टर बस छोड़कर मौके से फरार हो गए. बस से उठती तेज लपटों और धुएं के गुबार को देखकर सड़क पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. आसपास के ग्रामीण और राहगीरों की भीड़ मौके पर जुट गई. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल पर पहुंची. शुरुआत में छोटी दमकल गाड़ी से आग बुझाने की कोशिश की गई, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण बड़ी फायर ब्रिगेड गाड़ी बुलानी पड़ी. करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका.

सुरक्षा के मद्देनजर रोका गया ट्रैफिक

आग बुझाने के दौरान बस के पिछले, बीच और अगले हिस्से से लगातार ऊंची लपटें उठती रहीं. स्थिति को देखते हुए मेडिकल थाना पुलिस ने गया-डोभी मुख्य मार्ग के दोनों ओर का ट्रैफिक रोक दिया. इससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कुछ समय के लिए आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा. हालांकि ट्रैफिक रोकने से दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी सहूलियत मिली.

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

मेडिकल थाना अध्यक्ष इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी और ट्रैफिक डायवर्ट कराया गया. उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन बस पूरी तरह जल चुकी है. बस निजी थी या सरकारी, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.

पुलिस मामले की कर रही जांच

वहीं बस पर मौजूद खलासी ने बताया कि बस पिछले दो महीने से खराब थी और मरम्मत के लिए डोभी वर्कशॉप भेजी गई थी. मरम्मत के बाद गया लौटने के दौरान एम्स के पास कथित तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लग गई. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

Also Read: पटना हाई कोर्ट का बड़ा फैसला: 18 मई से 4 जून तक सभी सुनवाई ऑनलाइन

विज्ञापन
kumarsuryakant

लेखक के बारे में

By kumarsuryakant

kumarsuryakant is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन