पुलिस के राडार पर पूर्व सीएम के कई रिश्तेदार

Updated:
विज्ञापन

गया: पूर्व सीएम जीतनराम मांझी की बेटी (वार्ड पार्षद) सुनैना देवी की बहू सोनी कुमारी के साथ हुए हादसे के मुख्य आरोपित विक्की कुमार (सोनी के पति) ने मंगलवार को पुलिस के समक्ष आसानी से उपस्थिति दर्ज कर अपनी सहजता का परिचय देने की कोशिश की है. विक्की ने पुलिस टीम के समक्ष बड़ी आसानी […]

विज्ञापन
गया: पूर्व सीएम जीतनराम मांझी की बेटी (वार्ड पार्षद) सुनैना देवी की बहू सोनी कुमारी के साथ हुए हादसे के मुख्य आरोपित विक्की कुमार (सोनी के पति) ने मंगलवार को पुलिस के समक्ष आसानी से उपस्थिति दर्ज कर अपनी सहजता का परिचय देने की कोशिश की है.

विक्की ने पुलिस टीम के समक्ष बड़ी आसानी से स्वीकार कर लिया है कि शनिवार की देर रात सोनी ने अापसी पारिवारिक कलह में फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली थी और पुलिस लफड़ा में नहीं पड़ने को लेकर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से रविवार की अहले सुबह उसने ही सोनी के शव को विष्णुपद मंदिर के पास स्थित श्मशान घाट में जला दिया था. विक्की द्वारा आसानी से अपने आरोप को स्वीकार कर लेने के मामले पर ही पुलिस को आशंका शुरू हो गयी है कि सोनी की मौत के पीछे कोई न कोई कहानी है. पुलिस टीम का मानना है कि रविवार की सुबह सोनी का शव जलाने के बाद विक्की अंडरग्राउंड हो गया था.

सोमवार की सुबह से जब विक्की के पिता योगेंद्र प्रसाद व मां सुनैना देवी से पूछताछ शुरू हुई, तो पूरे दिन माता-पिता एक ही रट लगाते रहे कि उनकी बहू सोनी घर से दो लाख रुपये लेकर फरार हो गयी है. इधर, सोनी के पिता रामदेव मांझी का आरोप था कि ससुरालवालों ने उनकी बेटी सोनी की हत्या कर साक्ष्य छिपाने के लिए उसका दाह संस्कार कर दिया है. इससे सोमवार को पूरे दिन पुलिस टीम पशोपेश में पड़ी रही. वे इस घटना का सुलझा ही नहीं पा रहे थे कि आखिर शनिवार की रात से सोमवार की सुबह तक विक्की के घर में क्या माजरा हुआ था. इसी बीच सोमवार की देर रात करीब दो बजे अचानक विक्की डेल्हा थाने की पुलिस के संपर्क में आया और मंगलवार की सुबह थाने में उपस्थित होकर अपनी बात रखने की इच्छा जतायी थी. मंगलवार की सुबह विक्की डेल्हा थाना आया आैर बड़ी ही आसानी से अपने जुर्म को स्वीकार कर अपनी गिरफ्तारी दे दी. पुलिस को विक्की के इसी व्यवहार से उसकी गतिविधियों पर शक होने लगा.

अलग-अलग कड़ियों को जोड़ने में जुटी पुलिस टीम : शनिवार की देर शाम से सोमवार की सुबह तक विक्की के घर में हुए हर घटना से जुड़ी कड़ी को पुलिस टीम ने जोड़ना शुरू कर दिया है. पुलिस टीम संभावना जता रही है कि अगर उनकी आशंका सही साबित हुई, तो उसे स्पष्ट हो जायेगा कि सोनी ने आत्महत्या नहीं की थी, बल्कि शनिवार की रात वार्ड पार्षद सुनैना देवी के घर में सोनी की हत्या हुई थी. इसे सोनी के परिजनों का आरोप सही साबित होगा. तब, विक्की के विरुद्ध पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से गलत बयानबयाजी करने से संबंधित धाराओं के तहत भी कार्रवाई होगी.
पति-पत्नी के चरित्र के बिंदु पर जांच कर रही पुलिस टीम : सोनी प्रकरण को सुलझाने को लेकर पुलिस टीम ने सोनी, उनके पति विक्की, सास सुनैना देवी, ससुर योगेंद्र प्रसाद, चचेरा देवर धीरज व ससुर योगेंद्र के दोस्त गोपाल के मोबाइल कॉल रेकॉर्ड (सीडीआर) का घंटों अध्ययन करने के बाद सोनी की मौत से जुड़े सवालों की लंबी सूची तैयार की है. इन सवालों का जवाब जानने के लिए पूर्व सीएम के कई रिश्तेदारों पर पुलिस की नजर है. उन रिश्तेदारों में पूर्व सीएम की बेटी सुनैना देवी, नाती (सुनैना का छोटा बेटा) गुड्डू कुमार, विक्की का चाचा सुरेंद्र व चचेरा भाई धीरज व विक्की के एक मामा सहित सोनी के पिता रामदेव मांझी व मां कुसुम देवी अन्य रिश्तेदार शामिल हैं.
काफी गोपनीय तरीके से की जा रही जांच-पड़ताल :यह मामला पूर्व सीएम से जुड़ा होने के कारण पूरी तरह हाइप्राेफाइल हो गया है. इस कारण सोनी प्रकरण से जुड़े हर बिंदुओं पर छानबीन काफी गोपनीय तरीके से की जा रही है. इसमें एसएसपी गरिमा मलिक, सिटी एसपी रविरंजन कुमार, सिटी डीएसपी आलोक कुमार सिंह व डेल्हा थानाध्यक्ष सह सोनी प्रकरण के आइओ (इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर) चेतनानंद झा व पटना की एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम लगी है. इस कारण पुलिस टीम जांच-पड़ताल में अबतक क्या-क्या की है, इस पर हर बातें सार्वजनिक करने से परहेज कर रही है. बुधवार की देर शाम एसएसपी व सिटी एसपी ने बताया कि सोनी प्रकरण को लेकर इन्वेस्टिगेशन जारी है. कई बिंदुओं पर जांच-पड़ताल की जा रही है. पर्यवेक्षण व सुपरविजन रिपोर्ट में सारी सच्चाई सामने आ जायेगी.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन