जींस के शो रूम से दो लाख रुपये की लूट

Published at :19 Sep 2014 7:42 AM (IST)
विज्ञापन
जींस के शो रूम से दो लाख रुपये की लूट

गया: रामपुर थाने में दर्ज एक मामले में सुलह कराने को लेकर हुए विवाद में हथियारों से लैस सात युवकों ने गुरुवार को गेवाल बिगहा मोड़ स्थित ‘डायना जींस’ नामक एक दुकान में तोड़-फोड़ व लूटपाट की. दुकानदार आजाद खां ने बताया कि हमलावरों ने दुकान में रखे 1.90 लाख रुपये लूट लिये. वे सिलाई […]

विज्ञापन

गया: रामपुर थाने में दर्ज एक मामले में सुलह कराने को लेकर हुए विवाद में हथियारों से लैस सात युवकों ने गुरुवार को गेवाल बिगहा मोड़ स्थित ‘डायना जींस’ नामक एक दुकान में तोड़-फोड़ व लूटपाट की.

दुकानदार आजाद खां ने बताया कि हमलावरों ने दुकान में रखे 1.90 लाख रुपये लूट लिये. वे सिलाई मशीन व शीशे के दरवाजे को भी क्षतिग्रस्त कर गये. साथ ही, हथियार दिखा कर हमलावरों ने एक सप्ताह के अंदर 10 लाख रुपये की रंगदारी देने के अतिरिक्त रामपुर थाना कांड संख्या 254/14 में सुलह की भी चेतावनी दी. हमलावरों ने रंगदारी नहीं देने पर सात दिनों के अंदर उन्हें व उनके बेटे को गोली मारने की भी धमकी दी. दुकानदार ने बताया कि दुकान में घुस कर हमला करनेवाले सभी युवक गेवाल बिगहा के हैं. इनमें रामपुर थाने के मुसलिम होटल गली के शौकत अली, पप्पू, मिस्टर, गुड्डू, काजू, सेराज खान का बेटा शाहरुख खान व दो अन्य लोग भी शामिल हैं.

सेराज की पत्नी ने की पुलिस से शिकायत: सेराज की गिरफ्तारी व सुलह के बीच उभरे विवाद में गुरुवार को सेराज की पत्नी ने रामपुर थाने की पुलिस से दुकानदार आजाद खां के विरुद्ध मारपीट व घर में लूटपाट की शिकायत की है. उन्होंने अपनी शिकायत में कहा है कि सुलह कराने के लिए आजाद खां ने अपनी दुकान पर बुला कर उनसे मारपीट की. साथ ही, उनके घर में घुस कर सोने की चेन व तीन हजार रुपये छीन लिये.

क्या कहते हैं इंस्पेक्टर : रामपुर इंस्पेक्टर गौरीशंकर गुप्ता ने बताया कि आलिया खातून द्वारा दर्ज करायी गयी प्राथमिकी के आरोपित सेराज खान की गिरफ्तारी के बाद दोनों पक्षों में सुलह के मामले को लेकर विवाद हुआ था. इस मामले में दुकानदार आजाद खां व सेराज की पत्नी ने शिकायत की है. छानबीन की जा रही है.

सेराज की गिरफ्तारी के बाद उभरा विवाद

दुकानदार ने बताया कि गेवाल बिगहा मुहल्ले में रहनेवाली एक रिश्तेदार आलिया खातून ने 28 अगस्त को रामपुर थाने में अपने देवर सेराज खान के विरुद्ध प्रताड़ित करने व घर में आग लगाने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज करायी थी. इस मामले में फरार सेराज खान को रामपुर थाने की पुलिस ने बुधवार की शाम गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद सेराज के समर्थक पुलिस की गिरफ्त से उसे मुक्त कराने में जुटे. इस मामले में शौकत अली सहित अन्य लोगों ने सुलह के लिए उन पर दबाव डाला. थाने में बुला कर भी सुलह की बात कही. दुकानदार ने कहा कि सेराज पर प्राथमिकी आलिया खातून ने दर्ज करायी थी. यह मामला उनसे जुड़ा नहीं था. उन्होंने सेराज के समर्थकों को कहा कि मामला जिससे जुड़ा है, उससे सुलह करें. इसके बाद वह थाने से लौट आये. लेकिन, बात नहीं बनी. शौकत के भाइयों व भांजे ने दुकान में तोड़-फोड़ व लूटपाट की.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन