Bihar News: छपरा में अनाज गोदाम में लगी भीषण आग, करोड़ों की संपत्ति जलकर खाक, दमकल की टीम ने पाया काबू

बिहार के सारण जिले में अगलगी की बड़ी घटना घटी है. रविवार की देर रात छपरा में एक खाद्य निगम के गोदाम में आग लगी है.अनाज गोदाम में लगी इस आग पर दमकल की टीम ने काबू पाया. करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है.
बिहार के सारण जिला से बड़ी खबर सामने आ रही है. छपरा में खाद्य निगम के गोदाम में भीषण आग लग गयी और देखते ही देखते करोड़ों रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो गयी. जूट के बैग और खाद्य सामग्री का बड़ा नुकसान हुआ है. घटना रविवार देर रात की बतायी जा रही है. हालात पर काबू पाने के लिए तीन जिलों से दमकल के वाहन मंगाये गये.
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बाजार समिति में स्थित राज्य खाद्य निगम के गोदाम में रविवार की देर रात आग लग गयी. आग लगने से गोदाम में रखे करीब चार करोड़ के जूट के बैग जलकर राख हो गये. वहीं गोदाम में रखे लाखों रुपये की खाद्य सामग्री का भी नुकसान हो गया. अभी तक आग लगने की वजह सामने नहीं आ सकी है. यह पता लगाना फिलहाल मुश्किल है कि आग किन कारणों से लगी.
अगलगी की घटना की जानकारी मिलने के बाद एडीएम डॉ गगन मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने बताया की आग की स्थिति काफी भयावह है. इस पर काबू पाने के लिए अलग-अलग जिलों से दमकल मंगाये गये हैं.
बताया गया कि आग के भयावह रुप को देखते हुए सीवान, वैशाली व मुजफ्फरपुर से दमकल की गाड़ियां बुलायी गयी हैं. वहीं जरूरत पड़ने पर पटना से भी दमकल की गाड़ियां मंगाने की तैयारी की जा रही थी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




