पटना के स्टेशन गोलंबर पर बेटी को पिता व भाई जबरन ले जा रहे थे घर, भीड़ ने समझा कर रहे जबरदस्ती, फिर....

लड़की का कहना था कि माता-पिता व भाई उसके साथ मारपीट करते हैं. पिता ने कहा कि ऐसा कुछ नहीं है. वह चाहते हैं कि बेटी साथ में रहे, ताकि वह गलत हाथों में न जाये.
पटना. मंगलवार की सुबह करीब दस बजे स्टेशन गोलंबर पर पिता और भाई लड़की को जबरन घर ले जाने का प्रयास कर रहे थे, जबकि लड़की जाने को तैयार नहीं थी और उसने हंगामा शुरू कर दिया और सड़क पर ही रोने के साथ ही चिल्लाने लगी. लोगों को लगा कि लड़की के साथ कोई बदमाशी कर रहा है. इसके बाद पिता व भाई को लोगों ने पकड़ लिया. उन दाेनों की लोग पिटाई कर देते, लेकिन पुलिस पहुंच गयी और लड़की को अपनी सुरक्षा में लेते हुए कोतवाली थाना ले आयी.
इसके बाद पिता थाने पर पहुंचे और लड़की को समझा-बुझा कर घर ले जाने की कोशिश की. लेकिन लड़की जाने को तैयार नहीं थी. इसके बाद पुलिस को जानकारी हुई कि लड़की ने प्रेम प्रसंग में खगौल के एक लड़के से शादी कर ली है. इस मामले को लेकर अगमकुआं थाने में केस भी दर्ज हुआ था और लड़की को उसके परिजन समझा कर कुम्हरार स्थित घर ले आये थे. लेकिन मंगलवार की सुबह अपने पति के खगौल स्थित घर जाने के लिए अकेले ही निकल गयी. इसकी जानकारी उसके भाई को हो गयी और उसे स्टेशन गोलंबर के पास टेंपो में पकड़ लिया. इसके बाद उसने अपने पिता को फोन कर बुला लिया और दोनों मिल कर लड़की को अपने साथ घर ले जाना चाहते थे.
पिता ने कोतवाली थाने में लड़की को काफी समझाया. लेकिन वह अपने प्रेमी यानि पति के साथ ही रहना चाहती थी. पिता ने समझाया कि उसका निर्णय गलत है. लेकिन, लड़की का कहना था कि माता-पिता व भाई उसके साथ मारपीट करते हैं. पिता ने कहा कि ऐसा कुछ नहीं है. वह चाहते हैं कि बेटी साथ में रहे, ताकि वह गलत हाथों में न जाये. बताया जाता है कि लड़की को फेसबुक पर खगौल के एक युवक से प्यार हुआ था और भागकर शादी कर ली थी. चूंकि लड़का और लड़की बालिग थे, इसलिए न्यायालय ने भी उनकी शादी को स्वीकार कर लिया. लेकिन, पिता चाहते थे कि वह लड़के से रिश्ता खत्म कर उनके साथ रहे और पढ़े-लिखे. लेकिन लड़की अपने पति के साथ ही रहना चाहती थी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




