बिहार: पोती को करंट से बचाने में दादी तो भाई को बचाने में युवक की भी मौत, एक चिता पर जले शव तो पसरा मातम

Published by : ThakurShaktilochan Sandilya Updated At : 24 Aug 2023 11:31 AM

विज्ञापन

बिहार में करंट लगने से मौत के मामले पिछले दिनों तेजी से बढ़े हैं. बरसात के मौसम में करंट लगने की घटना में बढ़ोतरी हुई है. मोतिहारी में एक बच्ची को करंट से बचाने के दौरान उसकी दादी की भी मौत हो गयी. दोनों का शव एक ही चिता पर जला. बांका में दो भाइयों की मौत हो गयी.

विज्ञापन

बिहार में इन दिनों करंट लगने की घटनाएं बढ़ी हैं. मोतिहारी के मधुबन थाना क्षेत्र के खैरवा गांव में छह वर्षीय बच्ची को करेंट से बचाने गयी दादी भी करेंट की चपेट में आ गयी, जिससे दादी व पोती दोनों की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. जानकारी के अनुसार खेरवा वार्ड नम्बर 01 में अखिलेश राम की 6 वर्षीय बेटी महिमा कुमारी करेंट की चपेट में आ गयी.बच्ची को करेंट में छटपटाते देख बच्ची की चचेरी दादी स्व.रामसूरत राम की पत्नी लक्ष्मी देवी बचाने गयी.वह भी करेंट की चपेट में आ गयी.जिसके बाद महिमा की मां भी दोनों को बचाने पहुंची.जिसे करंट लगने के बाद वह भी बेहोश हो गयी. महिमा व 60 वर्षीय लक्ष्मी देवी की मौत हो गयी.जबकि जख्मी महिमा की मां को अस्पताल में भर्ती करवाया गया.इधर सूचना पर मधुबन पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल मोतिहारी भेज दिया है.पोस्टमार्टम के बाद पुलिस दोनों शव को परिजनों के हवाले कर दिया.

एक साथ एक ही चिता पर जली दादी-पोती का शव

घटना के बाद एक ही चिता सजाकर दादी व पोती का अंतिम संस्कार परिजनों ने किया.घटना काफी मार्मिक व कारूण दृश्य था. एक साथ दो शव गांव से निकलने पर गांव में मातमी सन्नाटा पसरा दिखा. घटना के बाद गांव में एक भी चूल्हा नहीं जला. पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है. बताया जाता है.महिमा दो भाई व अकेली बहन थी, जिसे घर में काफी प्यार दुलार से घर वाले पाल रहे थे.

बांका में दो चचेरे भाई की बिजली करेंट से मौत

बांका के बौंसी थाना क्षेत्र के सुजानीटीकर गांव में बुधवार को खेत में कम कर रहे दो चचेरे भाई करेंट की चपेट में आकर असमय मौत के शिकार हो गये. जानकारी के अनुसार, सुजानीटीकर निवासी अरविंद यादव का 33 वर्षीय पुत्र चुन्नीलाल यादव अपने खेत जा रहे थे. बताया जाता है कि गांव के ही एक व्यक्ति के द्वारा डकाई नदी से मोटर के जरिये खेत में पानी लिया जा रहा था. तार नंगा रहने की वजह से खेत में फैले पानी में करंट दौड़ रहा था. जिसकी जानकारी युवक को नहीं थी. जैसे ही मृतक का पैर पानी में पड़ा, उसे बिजली का तेज झटका लगा. उसे बचाने के लिए चचेरा भाई महरसोक यादव का 33 वर्षीय पुत्र रघुनाथ यादव भी दौड़ पड़ा. बताया जाता है कि भाई के द्वारा सूखे गमछी से पकड़कर युवक को बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन खाली पांव रहने और जमीन गीली रहने की वजह से वह भी उसकी चपेट में आ गया. जब तक आसपास के लोग समझ पाते दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. आनन-फानन में परिजनों के द्वारा दोनों को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल लाया गया. जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर के द्वारा दोनों को मृत घोषित कर दिया गया. जिसके बाद परिजन शव को घर लेकर चले गये. इस मामले में विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर राहुल कुमार ने बताया कि परिजन पोस्टमार्टम कराने के बाद आधार कार्ड, फोटो, पोस्टमार्टम की कॉपी और खाता संख्या देंगे तो उन्हें विभाग से मुआवजा मिल सकता है.

Also Read: बिहार में रफ्तार ले रही जान, सड़क हादसों में
भाजपा नेता समेत 6 से अधिक लोगों की मौत, दर्जनों जख्मी

गांव में पसरा मातमी सन्नाटा

घटना के बाद दोनों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. चुन्नीलाल की पत्नी रीना देवी पति के शव को देख दहाड़ मार-मार कर रो रही है. मृतक की मां का भी बुरा हाल है. मालूम हो कि मृतक चुन्नीलाल को 12 वर्षीय और 10 वर्षीय दो पुत्र ही है. दूसरी ओर रघुनाथ यादव की पत्नी बबीता देवी बार-बार बेसुध होती रही. रघुनाथ अपने पीछे 10 वर्षीय और 5 वर्षीय दो पुत्री के अलावा एक तीन वर्षीय पुत्र को रोता बिलखता छोड़ गया. बताया जाता है कि उनके माता-पिता का देहांत पूर्व में ही हो चुका है. इस हृदय विदारक घटना से गांव के लोग अभी तक दहशत में हैं कि आखिरकार दोनों परिवार को किसकी नजर लग गयी है.

सारण में करंट लगने से महिला की मौत

सारण जिले में करेंट लगने से एक महिला की मौत हो गयी. घटना बनियापुर थाना क्षेत्र के कराह वार्ड संख्या दो वृति टोला का है. मृतका प्रभु महतो की पत्नी किसनातो देवी (50 वर्षीया) बतायी जाती है. घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि महिला बुधवार को अपने घर में पोछा लगा रही थी. तभी इन्वर्टर से सप्लाई की गयी तार के चपेट में आ गयी. जब तक लोगों ने देखा तबतक महिला बुरी तरह से झुलस गयी थी. आनन-फानन में परिजन अचेत अवस्था में महिला को इलाज के लिये रेफरल अस्पताल लेकर गये. जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया. इधर इस घटना को लेकर परिवार में कोहराम मच गया.

विज्ञापन
ThakurShaktilochan Sandilya

लेखक के बारे में

By ThakurShaktilochan Sandilya

डिजिटल मीडिया का पत्रकार. प्रभात खबर डिजिटल की टीम में बिहार से जुड़ी खबरों पर काम करता हूं. प्रभात खबर में सफर की शुरुआत 2020 में हुई. कंटेंट राइटिंग और रिपोर्टिंग दोनों क्षेत्र में अपनी सेवा देता हूं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन