मरीजों की बेडशीट, OT के लिनेन धोने के लिये भेजे जाते पटना, धूल फांक रही करोड़ों की मशीन

Updated:
विज्ञापन
फोटो. 1परिचय. धुलाई के लिए पटना भेजने के लिए रखा कपड़ों का गठ्ठर. | Prabhat Khabar Network

धुलाई के लिए पटना भेजने के लिए रखा कपड़ों का गठ्ठर. | Prabhat Khabar Network

दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (DMCH) में करोड़ों की लागत से बनी अत्याधुनिक लॉन्ड्री सुविधा दो साल से बंद पड़ी है. हैंडओवर न होने के कारण मशीनें धूल फांक रही हैं, जबकि मरीजों के कपड़े धोने के लिए पटना पर निर्भर रहना पड़ रहा है.

विज्ञापन

Darbhanga News: दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) में मरीजों की बेडशीट, कंबल, तकिया कवर, ऑपरेशन थिएटर के लिनेन और अन्य कपड़ों की धुलाई के लिए अब भी स्थानीय व्यवस्था उपलब्ध नहीं है. नतीजतन अस्पताल प्रशासन को सभी कपड़े धुलाई के लिए पटना स्थित एनएमसीएच भेजने पड़ रहे हैं. हालांकि, करीब दो वर्ष पहले स्थापित अत्याधुनिक लॉन्ड्री को शुरू कराने की दिशा में अब अस्पताल प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है.

हैंडओवर नहीं होने से बंद पड़ी है लॉन्ड्री

जानकारी के अनुसार, सुपरस्पेशलिटी अस्पताल भवन में करोड़ों रुपये की लागत से अत्याधुनिक लॉन्ड्री दो वर्ष पहले स्थापित कर दी गई थी, लेकिन अब तक इसका विधिवत हैंडओवर नहीं हो सका है. हैंडओवर की प्रक्रिया लंबित रहने के कारण मशीनें उपयोग में नहीं आ पा रही हैं.

इस वजह से अस्पताल को आज भी कपड़ों की धुलाई के लिए पटना स्थित एनएमसीएच पर निर्भर रहना पड़ रहा है. इससे समय और परिवहन खर्च बढ़ने के साथ जरूरत के समय साफ लिनेन की उपलब्धता भी प्रभावित होती है.

अधीक्षक ने किया निरीक्षण, विभाग को भेजी रिपोर्ट

डीएमसीएच के अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्रा ने लॉन्ड्री परिसर का निरीक्षण कर भवन, मशीनों और उपलब्ध संसाधनों का जायजा लिया. इसके बाद पूरी स्थिति से स्वास्थ्य विभाग को अवगत कराते हुए विस्तृत प्रतिवेदन भेजा गया है.

अस्पताल सूत्रों के अनुसार, लॉन्ड्री शुरू करने से पहले मशीनों का तकनीकी डेमोंस्ट्रेशन कराया जाएगा. इसके बाद मशीनों की जांच, सत्यापन और विभागीय स्तर पर हैंडओवर की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.

लॉन्ड्री शुरू होने से मरीजों को मिलेगा सीधा लाभ

स्थानीय स्तर पर लॉन्ड्री चालू होने के बाद डीएमसीएच को कपड़ों की धुलाई के लिए एनएमसीएच नहीं भेजना पड़ेगा. इससे समय और परिवहन खर्च दोनों की बचत होगी तथा मरीजों को समय पर साफ बेडशीट, कंबल और अन्य लिनेन उपलब्ध कराना आसान होगा.

अस्पताल प्रशासन का मानना है कि लॉन्ड्री के संचालन से संक्रमण नियंत्रण व्यवस्था भी और मजबूत होगी तथा सुपरस्पेशलिटी अस्पताल सहित पूरे डीएमसीएच में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार आएगा.

अधीक्षक ने क्या कहा

डीएमसीएच अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्रा ने कहा, "विभागीय निर्देश के मद्देनजर सुपरस्पेशलिटी अस्पताल में स्थापित लॉन्ड्री को शुरू करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है. संबंधित कर्मियों को जल्द से जल्द हैंडओवर की प्रक्रिया पूरी करने तथा मशीनों का डेमोंस्ट्रेशन कराने का निर्देश दिया गया है."


विज्ञापन
अजय कुमार मिश्रा

लेखक के बारे में

By अजय कुमार मिश्रा

अजय कुमार मिश्रा पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. स्वास्थ्य, एयरपोर्ट, परिवहन, सामाजिक एवं राजनीतिक मुद्दों पर गंभीर और तथ्यपूर्ण रिपोर्टिंग इनकी पहचान है. आम जनजीवन से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाना इनकी कार्यशैली की विशेष पहचान रही है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन