रतनपुर की प्रतीक्षा बनीं बिहार पुलिस में चयनित होने वाली अपनी जाति की पहली बेटी

Updated:
विज्ञापन
बिहार पुलिस में सिपाही बन प्रतीक्षा ने तोड़ा समाज का मिथक

शस्त्र के साथ प्रतीक्षा

रतनपुर की बेटी प्रतीक्षा कुमारी ने सामाजिक बंधनों को तोड़ते हुए बिहार पुलिस में चयनित होकर इतिहास रचा है. ब्राह्मण समाज की पहली महिला पुलिस अधिकारी बनने की उनकी यात्रा प्रेरणादायक है.

विज्ञापन

Darbhanga News: जाले प्रखंड के रतनपुर गांव की प्रतीक्षा कुमारी ने सामाजिक परंपराओं और रूढ़ियों को पीछे छोड़ते हुए बिहार पुलिस में चयनित होकर नई मिसाल कायम की है. गांव के लोगों के अनुसार, ब्राह्मण समाज की वह पहली बेटी हैं, जिसने सरकारी पुलिस सेवा में जगह बनाई है. वर्तमान में प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उनकी पहली पोस्टिंग पटना पुलिस मुख्यालय में हुई है.

परिवार के सहयोग से मिली सफलता

रतनपुर गांव के वार्ड-12 निवासी अरुण कुमार की छोटी पुत्री प्रतीक्षा कुमारी ने रसायन शास्त्र में एमएससी करने के बाद 30 जून 2025 को बिहार पुलिस में चयन प्राप्त किया. कटिहार में 11 माह 17 दिन का प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उन्हें पटना पुलिस मुख्यालय में पदस्थापित किया गया.

प्रतीक्षा बताती हैं कि बिहार पुलिस में नौकरी करने के उनके फैसले का परिवार और समाज के कुछ लोगों ने विरोध किया था. हालांकि उनकी मां और छोटे भाई ने हर कदम पर उनका साथ दिया, जिसके बल पर उन्होंने परीक्षा पास कर सफलता हासिल की.

शिक्षा में भी रहा उत्कृष्ट प्रदर्शन

प्रतीक्षा ने वर्ष 2015 में टीबीएस हाई स्कूल, ब्रह्मपुर से प्रथम श्रेणी में मैट्रिक पास किया. इसके बाद 2020 में सीएम साइंस कॉलेज से रसायन शास्त्र में स्नातक तथा 2022 में प्रथम श्रेणी से एमएससी की डिग्री प्राप्त की.

अब एसआई बनने का लक्ष्य

प्रतीक्षा ने कहा कि वह अपनी वर्तमान उपलब्धि पर रुकना नहीं चाहतीं. पटना में सेवा देने के साथ-साथ वह बिहार पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा की तैयारी भी कर रही हैं.

क्षेत्र की बेटियों के लिए बनीं प्रेरणा

करीब 11 हजार की आबादी वाले रतनपुर गांव में ब्राह्मण समाज के लगभग 250 से 300 परिवार रहते हैं. स्थानीय बुजुर्ग जयचंद कुमार के अनुसार, समाज की किसी बेटी का पहली बार पुलिस सेवा में चयन हुआ है. प्रतीक्षा की सफलता अब क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणा बन रही है.


विज्ञापन
Keshwendra Pratap Tha

लेखक के बारे में

By Keshwendra Pratap Tha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन