दरभंगा में छात्रों के लिए शुरू हुई खास व्यवस्था, हर महीने लगेगा स्पेशल सहयोग शिविर

Updated:
विज्ञापन

मुगलपुरा स्थित छात्रावास में आयोजित सहयोग शिविर में शामिल डीएम , एसएसपी व अन्य | Prabhat Khabar Network

दरभंगा में विद्यार्थी सहयोग शिविर को अब नियमित किया जाएगा. डीएम ने विद्यार्थियों को पोर्टल के जरिए शिकायत दर्ज कराने की सुविधा बतायी. वहीं, एसएसपी ने नशे और रैगिंग से दूर रहकर करियर पर ध्यान देने की अपील की.

विज्ञापन

दरभंगा विद्यार्थी सहयोग शिविर: विद्यार्थियों की समस्याओं का त्वरित समाधान कराने और उन्हें अपनी बात रखने का मंच देने के लिए मंगलवार को जिले के 28 स्थानों पर विद्यार्थी सहयोग शिविर लगाया गया. मुख्य कार्यक्रम डॉ आंबेडकर कल्याण छात्रावास, मोगलपुरा में डीएम कौशल कुमार की अध्यक्षता में हुआ. इस दौरान विद्यार्थियों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए उपलब्ध व्यवस्था और विद्यार्थी सहयोग पोर्टल की जानकारी दी गयी.

आपके शहर में

विज्ञापन

हर महीने के अंतिम मंगलवार को लगेगा शिविर

डीएम कौशल कुमार ने कहा कि विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन अब प्रत्येक माह के अंतिम मंगलवार को किया जाएगा. छात्र-छात्राएं विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के माध्यम से किसी भी समय अपनी समस्या दर्ज करा सकेंगे. संबंधित शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

पढ़ाई से जुड़ी ये शिकायतें कर सकेंगे दर्ज

पोर्टल पर कक्षाओं का नियमित संचालन नहीं होने, शिक्षकों की अनुपस्थिति, समय पर परीक्षा नहीं होने और परीक्षाफल के प्रकाशन में देरी जैसी शैक्षणिक समस्याओं की शिकायत की जा सकेगी. अनधिकृत फीस वसूली से जुड़ी शिकायतें भी विद्यार्थी दर्ज करा सकेंगे.

इसके अलावा बिजली, बैठने की व्यवस्था, प्रयोगशाला, पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को भी पोर्टल के माध्यम से प्रशासन तक पहुंचाया जा सकेगा. कोचिंग व्यवस्था और विधि-व्यवस्था से संबंधित शिकायतों के लिए भी यह मंच उपलब्ध रहेगा.

डीएम बोले- रील्स और मनोरंजन में समय न गंवाएं

डीएम ने विद्यार्थियों से सोशल मीडिया, अनावश्यक रील्स और मनोरंजन में अधिक समय नहीं गंवाने की अपील की. उन्होंने कहा कि माता-पिता बेहतर शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद में बच्चों को घर से दूर भेजते हैं. इसलिए विद्यार्थियों को अनुशासन और मेहनत के साथ अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए.

एसएसपी ने नशे और रैगिंग से दूर रहने की दी सलाह

एसएसपी जगुनाथ रड्डी जला रड्डी ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और अपने करियर को लेकर सजग रहने की सलाह दी. उन्होंने रैगिंग से दूर रहने तथा शिक्षण संस्थानों और छात्रावासों में अनुशासन एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने की अपील की.

कार्यक्रम में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, डीपीजीआरओ राजेश कुमार गुप्ता, डीडब्ल्यूओ संजय कुमार, डीपीआरओ पंचायत पवन कुमार यादव समेत संबंधित पदाधिकारी, छात्रावास कर्मी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद थे.

यह भी पढ़ें:

Food Price: सात दिनों में 12 से 15% तक बढ़े खाद्य पदार्थों के दाम, जानें नई कीमतें


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन