Darbhanga News: दरभंगा हवाई अड्डा के रन-वे विस्तार को लेकर अब तेज होगी जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया

Published by : PRABHAT KUMAR Updated At : 22 Sep 2025 10:49 PM

विज्ञापन

Darbhanga News:दरभंगा हवाई अड्डा को और विकसित करने की दिशा में बड़ी पहल हो रही है.

विज्ञापन

Darbhanga News: दरभंगा. दरभंगा हवाई अड्डा को और विकसित करने की दिशा में बड़ी पहल हो रही है. रन-वे को नौ हजार से 12 हजार फुट करने के मद्देनजर जल्द ही जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी कर ली जायेगी. सरकार ने इसके लिए बकाया 234 करोड़ रुपये की राशि जिला प्रशासन को भेज दी है. राशि जारी होने पर अब जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया और तेज हो जायेगी. जानकारी के अनुसार जमीन का दर निर्धारण तथा मूल्यांकन का अभी कार्य चल रहा है. इस काम के पूरा हो जाने के बाद, पंचायत की प्रक्रिया पूरी की जायेगी. फिर नोटिस जारी कर भू- स्वामियों को जमीन के बदले राशि उपलब्ध करा दी जायेगी. सरकार ने पूर्व में भी 10 करोड़ की राशि भेजी थी. अब बकाया राशि आ जाने के बाद आगे की प्रक्रिया तेज कर दी गयी है.

लंबे समय से लंबित थी जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया

विदित हो कि दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर के बनाने की प्रकिया चल रही है. रन-वे विस्तार के लिए आवश्यक जमीन का अधिग्रहण लंबे समय से लंबित था. स्थानीय लोगों के मुआवजा भुगतान को लेकर अड़चन बनी हुई थी. अब सरकार द्वारा राशि उपलब्ध कराए जाने के बाद प्रक्रिया को गति मिल गई है. जिला प्रशासन की ओर से संबंधित कागजी औपचारिकताओं को अंतिम रूप देने का कार्य किया जा रहा है. सूत्रों के मुताबिक अगले दो से तीन माह के भीतर जमीन अधिग्रहण की पूरी प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी. इसके बाद हवाई अड्डा प्राधिकरण को रन-वे विस्तार का कार्य सौंपा जाएगा. रन-वे के बड़ा हो जाने के बाद बड़े विमानों का संचालन संभव होगा. दरभंगा की हवाई कनेक्टिविटी और मजबूत होगी.

बेला, बेलादुल्लह, बसैला एवं बासुदेवपुर की जमीन का होगा अधिग्रहण

एयरपोर्ट के रनवे के विस्तार के लिए 90 एकड़ अतिरिक्त भूमि की व्यवस्था की जानी है. यह जमीन बेला, बेलादुल्लह, बसैला व बासुदेवपुर इलाके में अधिग्रहित की जायेगी. बताया गया है कि सबसे अधिक भूमि बासुदेवपुर इलाके से ली जायेगी.

व्यवसायिक गतिविधि में आयेगी तेजी, बढ़ेंगे पर्यटक

एयरपोर्ट के अंतरराष्ट्रीय बन जाने से जहां व्यवसायिक गतिविधियों में तेजी आयेगी, वहीं पर्यटकों की संख्या में भी बढ़ाेतरी होगी. क्षेत्र में व्यापार और निवेश बढ़ेगा. जिला सहित आसपास के क्षेत्र के विकास को नया पंख लगेगा. बता दें कि बिहार सरकार ने इसी साल 24 अप्रैल को नागरिक विमानन मंत्रालय को लेटर जारी कर, दरभंगा एयरपोर्ट को इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रूप में अपग्रेड करने की प्रक्रिया तेज करने का अनुरोध किया था. पिछले साल सितंबर में भी दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाने के लिए केंद्र को राज्य सरकार ने पत्र लिखा था.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
PRABHAT KUMAR

लेखक के बारे में

By PRABHAT KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन