सार्वजनिक कुआं भरकर मंदिर निर्माण का आरोप, सरकारी जमीन को लेकर विवाद
महिशौथ पंचायत के नरकटिया में अनिर्मित मंदिर | Prabhat Khabar Network
दरभंगा के नरकटिया गांव में सरकारी कुएं को मिट्टी से भरकर मंदिर निर्माण को लेकर ग्रामीणों के बीच तनाव है. जमीन के स्वामित्व और निर्माण कार्य पर दो पक्ष आमने-सामने हैं. आयुक्त कार्यालय ने जिलाधिकारी को तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं.
Darbhanga: कुशेश्वरस्थान पूर्वी के महिशौथ पंचायत के नरकटिया गांव में सार्वजनिक उपयोग में रहे कुएं को भरकर मंदिर निर्माण किये जाने को लेकर ग्रामीणों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है. जमीन के स्वामित्व और निर्माण कार्य को लेकर दो पक्ष आमने-सामने हैं. ग्रामीणों ने समय रहते प्रशासनिक जांच नहीं होने पर विवाद बढ़ने की आशंका जतायी है.
सरकारी जमीन पर मंदिर निर्माण का आरोप
मामले को लेकर पूर्वी प्रखंड भाजपा उपाध्यक्ष सह ग्रामीण संतोष यादव ने दरभंगा के आयुक्त को आवेदन देकर निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने तथा सरकारी जमीन की जांच कराने की मांग की है.
आवेदन के अनुसार, नरकटिया गांव में खाता संख्या 229 एवं खेसरा संख्या 379 की जमीन बिहार सरकार के नाम से दर्ज है. ग्रामीणों का कहना है कि उक्त जमीन पर पूर्व से सार्वजनिक कुआं था, जिसका उपयोग आसपास के लोग करते थे.
आरोप है कि कुएं को मिट्टी से भरकर सहनी पक्ष के लोगों द्वारा वहां अपने समुदाय के नाम से मंदिर का निर्माण कराया जा रहा है.
निर्माण कार्य के विरोध के बाद बढ़ा मतभेद
मंदिर निर्माण का दूसरे पक्ष के कुछ ग्रामीणों द्वारा विरोध किये जाने के बाद दोनों पक्षों के बीच मतभेद बढ़ गया है. ग्रामीणों ने प्रशासन से जमीन की पैमाइश कराने और कुएं की वास्तविक स्थिति की जांच करने की मांग की है.
ग्रामीणों का कहना है कि जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य पर रोक लगायी जाए, ताकि मामला आपसी विवाद का रूप न ले.
आयुक्त कार्यालय ने डीएम को जांच का दिया निर्देश
मामले को गंभीरता से लेते हुए दरभंगा के आयुक्त कार्यालय ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर पूरे मामले की जांच कर वस्तुस्थिति स्पष्ट करने तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है.
अब ग्रामीणों की नजर प्रशासनिक जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी है.
यह भी पढ़ें
Darbhanga Ultrasound Centre: 4 अल्ट्रासाउंड सेंटर होंगे सील, 16 सितंबर को कार्रवाई
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए