बेनीपुर में सूखे के खतरे के बीच एक्शन में विधायक! बंद पड़े नलकूपों को लेकर अधिकारियों की लगाई क्लास
समीक्षा बैठक में भाग लेते सिंचाई एवं बिजली विभाग के अभियंता एवं स्थानीय लोग संबोधित करते विधायक
दरभंगा के बेनीपुर क्षेत्र में कम बारिश से धान की फसलें सूख रही हैं, और बंद पड़े नलकूपों ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है. स्थानीय विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी ने इस गंभीर मुद्दे पर लघु सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर कड़े निर्देश जारी किए हैं.
दरभंगा: बेनीपुर क्षेत्र में कम बारिश और अनावृष्टि के चलते धान की फसल सूखने की कगार पर पहुंच गई है. इस गंभीर स्थिति के बीच बंद पड़े राजकीय नलकूपों के कारण किसानों को पटवन में भारी संकट का सामना करना पड़ रहा है. किसानों की इस परेशानी को गंभीरता से लेते हुए स्थानीय विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी ने बुधवार को बेनीपुर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) के कक्ष में लघु सिंचाई विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की. बैठक के दौरान विधायक ने संबंधित अभियंताओं और अधिकारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए सभी बंद नलकूपों को अविलंब दुरुस्त करने का कड़ा निर्देश दिया.
10 राजकीय नलकूप बिजली फॉल्ट से बंद, मरम्मत कार्य जारी
समीक्षा बैठक में लघु सिंचाई विभाग की सहायक अभियंता मीनाक्षी भारती ने क्षेत्र की वर्तमान स्थिति का ब्योरा पेश किया. उन्होंने बताया कि बेनीपुर प्रखंड में कुल 50 राजकीय नलकूप और 21 उद्वह सिंचाई योजना के नलकूप स्थापित हैं. इनमें से वर्तमान समय में 10 राजकीय नलकूप बिजली की खराबी के कारण बंद पड़े हैं, जबकि 4 नलकूपों में यांत्रिक खराबी की वजह से मरम्मत का काम चल रहा है. उन्होंने जानकारी दी कि अभी 36 राजकीय और 10 उद्वह सिंचाई योजना के नलकूपों समेत कुल 46 नलकूप चालू स्थिति में हैं, जिनसे किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाया जा रहा है.
बिजली विभाग का दावा: 25 सितंबर तक ठीक होंगे सभी नलकूप
सहायक अभियंता ने बताया कि लवानी, ब्रह्मपट्टी, सज्जनपुरा, मलौल माधोपुर, बेनीपुर, डखराम और महिनाम सहित कई अन्य गांवों में नलकूप बिजली की समस्या से प्रभावित हैं. हालांकि, बैठक में मौजूद बिजली विभाग के सहायक अभियंता मोनेलाल ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि 10 में से 6 नलकूपों पर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि बाकी बचे नलकूपों के विद्युत फॉल्ट को 25 सितंबर तक हर हाल में दूर कर लिया जाएगा. इस पर विधायक ने अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि बड़े स्तर पर खराब पड़े नलकूपों की सूची तुरंत सौंपी जाए ताकि सिंचाई संकट का स्थायी समाधान हो सके.
बेनीपुर से गायब रहने पर इंजीनियरों से जवाब-तलब
बैठक के दौरान अधिकारियों की कार्यसंस्कृति पर भी सख्त रुख अपनाया गया. बेनीपुर एसडीओ मनीष कुमार झा ने कार्यपालक अभियंता अंकित कुमार और सहायक अभियंता मीनाक्षी भारती से कार्यालय उपलब्ध होने के बावजूद बेनीपुर मुख्यालय से गायब रहने का कारण पूछा. एसडीओ ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए नियमित रूप से स्थानीय कार्यालय का संचालन करने और किसानों की शिकायतों का त्वरित निबटारा करने का आदेश दिया.
नारबांध और महिनाम में चेक डैम निर्माण के लिए डीपीआर का निर्देश
किसानों को सिंचाई संकट से स्थायी मुक्ति दिलाने के लिए विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी ने दीर्घकालिक योजनाओं पर भी जोर दिया. उन्होंने लघु सिंचाई विभाग को निर्देशित किया कि जीवछ नदी स्थित नारबांध और महिनाम में नए चेक डैम निर्माण के लिए जल्द से जल्द डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) तैयार की जाए. विधायक ने कहा कि चेक डैम बनने से भू-जलस्तर में सुधार होगा और सूखे जैसी स्थिति में भी किसानों को पटवन के लिए भरपूर पानी मिल सकेगा.
ये भी पढ़ें: पिता की मेहनत और बेटे की लगन ने रचा इतिहास, सन्नी ने B.Tech में बिहार में हासिल की तीसरी रैंक
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए