ईंट-भट्ठा संचालकों के लिए बड़ी राहत, मूल बकाया जमा करते ही निपटेंगे नीलाम पत्र वाद, ब्याज होगा माफ
प्रतीकात्मक तस्वीर | Prabhat Khabar Network
राज्य खान एवं भूतत्व विभाग ने ईंट-भट्ठा संचालकों को बड़ी राहत दी है. वन टाइम सेटलमेंट योजना के तहत ब्याज माफ किया जाएगा, जिससे बकाया राशि का निपटारा आसान होगा. यह योजना तीन महीने तक लागू रहेगी.
दरभंगा: राज्य खान एवं भूतत्व विभाग ने ईंट-भट्ठा संचालकों के बकाया राजस्व के निपटारे के लिए वन टाइम सेटलमेंट योजना लागू करने की घोषणा की है. योजना के तहत ईंट-भट्ठा सत्र 2024-25 तक की बकाया राशि में ब्याज को छोड़कर शेष मूल राशि जमा कराने पर नीलाम पत्र वादों का निपटारा किया जा सकेगा.
विभाग की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, ईंट-भट्ठों की बकाया राशि को लेकर दायर नीलाम पत्र वादों में ब्याज लगातार बढ़ रहा था. इससे देनदारों को बकाया राशि चुकाने में कठिनाई हो रही थी. ईंट-भट्ठा व्यवसायियों की ओर से भी लंबे समय से अन्य विभागों की तर्ज पर वन टाइम सेटलमेंट योजना लागू करने का अनुरोध किया जाता रहा था.
मूल राशि जमा करने पर निपटेगा नीलाम पत्र वाद
योजना के तहत खान एवं भूतत्व विभाग के पदाधिकारियों की ओर से ईंट-भट्ठों से बकाया राशि की वसूली के लिए नीलाम पत्र वाद स्थापित करने को भेजी गयी अधियाचना में उल्लेखित कुल बकाया राशि में से ब्याज की राशि को छोड़कर शेष मूल राशि जमा करानी होगी.
मूल राशि जमा होने के बाद नीलाम पत्र पदाधिकारी को प्रतिवेदित किया जाएगा कि संबंधित देनदार पर कोई लोक मांग बकाया नहीं है. इसके बाद नीलाम पत्र पदाधिकारी द्वारा नीलाम पत्र वाद का निस्तारण किया जा सकेगा.
तीन महीने की होगी योजना की अवधि
विभाग के अनुसार, वन टाइम सेटलमेंट योजना की अवधि तीन महीने होगी. इससे सत्र 2024-25 तक का बकाया रखने वाले ईंट-भट्ठा व्यवसायियों को राहत मिलेगी. साथ ही, विभाग को भी कम समय में बकाया राजस्व की प्राप्ति हो सकेगी.
विभागीय जानकारी के अनुसार, ईंट सत्र प्रत्येक वर्ष अक्तूबर से शुरू होता है और जून वर्ष का अंतिम महीना होता है. जिले के 11 ईंट-भट्ठा संचालकों पर नीलाम पत्र वाद दायर है.
जिला खान एवं भूतत्व विभाग की अधीक्षक सुमन कुमारी ने कहा कि ईंट-भट्ठा व्यवसायियों की ओर से समय-समय पर अन्य विभागों की तर्ज पर वन टाइम सेटलमेंट योजना लागू करने का अनुरोध किया जाता रहा था. विभाग ने इसी को ध्यान में रखते हुए योजना लागू करने का निर्णय लिया है.
यह भी पढ़ें
रसियारी पुल के पिलर में फंसा मिला पन्नी में लिपटा शव, हाथ-पैर बंधे होने की बात
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए