टावर के कमरे में चल रहा था स्मैक का धंधा! छापेमारी में टेक्नीशियन और महिला गार्ड गिरफ्तार
बरामद नशीले पदार्थ | Prabhat Khabar Network
दरभंगा के बिरौल में टावर कैंपस में स्मैक बेचे जाने का खुलासा हुआ है. पुलिस ने छापेमारी कर 1.68 ग्राम स्मैक बरामद किया है. इस मामले में एक टेक्नीशियन और एक महिला सुरक्षा गार्ड को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
दरभंगा: बिरौल के सुपौल बाजार स्थित डुमरी मोड़ के पास टावर कैंपस में पुलिस ने नशे के कारोबार का पर्दाफाश किया है. 18 सितंबर की देर शाम गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने टावर कैंपस में छापेमारी कर 1.68 ग्राम स्मैक बरामद किया. मामले में टेक्नीशियन और महिला सुरक्षा गार्ड को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. वहीं, मुख्य आरोपित फरार बताया जा रहा है.
पुअनि मुकेश कुमार को सूचना मिली थी कि टावर कैंपस के एक कमरे से स्मैक बेची जा रही है. सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी मौके पर पहुंचे और जानकारी का सत्यापन किया. सूचना की पुष्टि होने पर कृषि समन्वयक शैलेंद्र कुमार चमन को दंडाधिकारी नियुक्त कर छापेमारी टीम गठित की गयी.
प्लेट में मिला सूखा नशा, चाकू-ब्लेड भी बरामद
पुलिस टीम ने टावर कैंपस में छापेमारी की. मुख्य गेट के दाहिने तरफ बने कमरे में चौकी पर रखी प्लेट में सूखा नशीला पदार्थ मिला. कमरे की तलाशी लेने पर चाकू, ब्लेड, चम्मच और नशा पीने के लिए इस्तेमाल होने वाली जुगाड़ू प्लास्टिक बोतल भी बरामद हुई.
पुलिस के अनुसार, कमरे में नशीले पदार्थ की तेज बदबू आ रही थी. बरामद पदार्थ का वजन कराने पर 1.68 ग्राम पाया गया.
टेक्नीशियन और महिला गार्ड गिरफ्तार
मौके पर मौजूद कार्यरत टेक्नीशियन मुजफ्फरपुर जिले के बहिलवाड़ा ग्वाल दक्षिण निवासी लाला पटेल और महिला सुरक्षा गार्ड लहेरियासराय थाना क्षेत्र के देवकुली निवासी कामनी देवी से पुलिस ने पूछताछ की.
पुलिस के अनुसार, दोनों ने पूछताछ में बरामद पदार्थ को स्मैक बताया और वहां नशे का धंधा चलने की बात स्वीकार की. इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
वहीं, मुख्य आरोपित के रूप में डुमरी निवासी दीपू कामती का नाम सामने आया है, जो फरार बताया जा रहा है.
मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने बताया कि मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कांड दर्ज किया गया है. गिरफ्तार दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.
यह भी पढ़ें
ईंट-भट्ठा संचालकों के लिए बड़ी राहत, वन टाइम सेटलमेंट योजना लागू; जानें क्या है नियम
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए