अमृत भारत एक्सप्रेस से गिरकर 17 वर्षीय किशोरी की मौत, परिवार के साथ जा रही थी जयपुर

Updated:
विज्ञापन

मौके पर पहुंची पुलिस. | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

दरभंगा-सीतामढ़ी रेलखंड पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिली 17 वर्षीय किशोरी के शव की पहचान हो गई है. वह परिवार के साथ अमृत भारत एक्सप्रेस से जयपुर जा रही थी. प्रारंभिक जांच में ट्रेन से गिरने से मौत की आशंका जताई जा रही है.

विज्ञापन

Darbhanga News: दरभंगा-सीतामढ़ी रेलखंड पर गुरुवार सुबह रेल ट्रैक किनारे मिले अज्ञात किशोरी के शव की पहचान हो गई है. मृतका 17 वर्षीय पूजा कुमारी थी, जो मधुबनी जिले के लखनौर थाना क्षेत्र के रूपौली गांव की रहने वाली थी. प्रारंभिक जांच में उसकी मौत 19726 अमृत भारत एक्सप्रेस से गिरने के कारण होने की आशंका जताई जा रही है. पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

विज्ञापन

परिवार के साथ जयपुर जा रही थी पूजा

जानकारी के अनुसार, पूजा कुमारी अपने पिता रामऔतार महतो, मां पवन देवी और भाई राहुल कुमार के साथ दरभंगा से अमृत भारत एक्सप्रेस के स्लीपर कोच S1 की सीट संख्या 26 पर सवार होकर जयपुर जा रही थी. रामऔतार महतो जयपुर में मजदूरी करते हैं और इस बार पूरे परिवार को अपने साथ ले जा रहे थे.

बाथरूम जाने के बाद नहीं लौटी वापस

परिजनों ने बताया कि यात्रा के दौरान पूजा बाथरूम जाने के लिए अपनी सीट से उठी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी. परिवार ने ट्रेन में काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला.

इसी बीच ट्रेन में सफर कर रहे भरवाड़ा निवासी देवेंद्र साह को व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से रेल ट्रैक के किनारे एक किशोरी का शव मिलने की सूचना मिली. जानकारी की पुष्टि होने के बाद उन्होंने परिजनों को इसकी सूचना दी.

टिकट और परिजनों से हुई शव की पहचान

प्रभारी थानाध्यक्ष दीपशिखा ने बताया कि ट्रेन टिकट और परिजनों से पूछताछ के आधार पर शव की पहचान पूजा कुमारी के रूप में की गई. प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन से गिरकर मौत का प्रतीत होता है.

सीसीटीवी फुटेज और रेलवे स्टाफ से होगी पूछताछ

पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि होगी. मामले की जांच के तहत ट्रेन के टीटीई, कोच अटेंडेंट से पूछताछ की जाएगी. साथ ही दरभंगा स्टेशन और संबंधित कोच के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जाएंगे.

स्थानीय लोगों के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब सात बजे चंदौना हाल्ट और 30 नंबर रेल समपार के बीच रेल ट्रैक के किनारे किशोरी का शव मिला था. घटनास्थल से उसकी चप्पलें भी अलग-अलग दूरी पर बरामद हुई हैं.

यह भी पढे़ं: बकाया मजदूरी विवाद में चोरी हुए बोलेरो बरामद, एक युवक समेत दो नाबालिगों को पुलिस ने किया गिरफ्तार


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन