Bihar Coronavirus News Update: बिहार में 3 दिनों तक चलेगा मास्क चेकिंग अभियान, डीएम और एसपी को निर्देश
नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मंगलवार को कोविड संक्रमित तीन मरीजों की उपचार के दौरान मौत हो गयी है. जबकि एक मेडिकल छात्र को ठीक होने के बाद घर भेजा गया है.
बिहार में 3 दिनों तक चलेगा मास्क चेकिंग अभियान
बिहार में गुरुवार की सुबह से तीन दिनों तक मास्क चेकिंग अभियान चलाया जाएगा. क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप की बैठक में मुख्य सचिव ने सभी जिलों के डीएम और एसपी को इस बारे में निर्देश दिया है. डीएम और एसपी को विशेष टीम गठित कर चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिया गया है.
पटना में मास्क नहीं पहनने वालों से जुर्माने के रूप में वसूले गये 2,25,650 रुपये
पटना जिले में मास्क चेकिंग के लिए 10 धावा दल तथा 34 अन्य टीम द्वारा अभियान चलाया जा रहा है. इस क्रम में बुधवार को 581 लोगों से 16650 रुपये जुर्माना राशि वसूली की गयी. कोरोना की तीसरी लहर में मास्क चेकिंग अभियान में अब तक 225650 रुपये जुर्माने की वसूली की जा चुकी है.
बिहार में 24 घंटे में मिले 6413 कोरोना संक्रमित
बिहार में बीते 24 घंटे में 6413 कोरोना संक्रमित मरीज मिले है. पटना में सबसे ज्यादा 2014 कोरोना पॉजिटिव केस पाए गए है. वहीं, प्रदेश में एक्टिव मरीजों की संख्या 28659 के पार पहुंच गई है.
नव नालंदा महाविहार के 11 कर्मी पाए गए कोरोना संक्रमित
नव नालंदा महाविहार के 11 कर्मी कोरोना संक्रमित पाए गए है. स्वास्थ्य विभाग ने कैम्पस को संक्रमित जोन घोषित कर दिया है.
जमुई में बिना मास्क घूम रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई, पुलिस ने लगवाई उठक-बैठक
जमुई जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या में लगातार दर्ज हो रही बढ़ोतरी के बीच स्वास्थ्य विभाग की ओर से अलर्ट के बाद प्रशासन लोगों से कोरोना गाइडलाइन पालन करने की सीख दे रहा है. इसी कड़ी में बिना मास्क के घूम रहे लोगों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो किशोरों से उठक-बैठक लगवाई. साथ ही आगे से मास्क नहीं पहनने पर कार्रवाई करने की भी बात कही.
कोरोना संक्रमण को लेकर RBI का एक्सचेंज काउंटर बंद
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामले को देखते हुए अगले आदेश तक एक्सचेंज काउंटर को बंद कर दिया गया है. एक्सचेंज काउंटर पर फटे-पुराने नोट बदले जाते हैं. साथ नये नोट आमलोगों को मुहैया कराया जाता है. मिली जानकारी के अनुसार पिछले दस दिनों में लगभग 175 से अधिक कर्मचारी और अधिकारी कोरोना संक्रमित हो चुके हैं. इसे देखते हुए बैंक परिसर में बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए