बिहार के एक दर्जन शहरों में कोल्ड डे, गया में इस सीजन का सबसे सर्द, जानिये कितना गिर सकता है तापमान

पटना का न्यूनतम तापमान 2019 के बाद जनवरी में एक बार फिर 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो सामान्य से दो डिग्री कम है.
पटना. प्रदेश में कड़ाके की ठंड जारी है. गया का न्यूनतम तापमान गुरुवार को सामान्य से चार डिग्री नीचे 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यह इस सीजन में सबसे कम तापमान है. वहीं, पटना का न्यूनतम तापमान 2019 के बाद जनवरी में एक बार फिर 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो सामान्य से दो डिग्री कम है. इस तरह गुरुवार को भी पटना,गया, सारण, पूर्णिया, अररिया,भागलपुर, दरभंगा,फारबिसगंज, मोतिहारी सहित करीब दर्जन भर जगहों पर कोल्ड डे घोषित किया गया.
आइएमडी की आधिकारिक जानकारी के मुताबिक अगले 24 घंटे में ठंड से आंशिक राहत मिल सकती है. दरअसल, पछुआ की जगह दक्षिणी-पूर्वी हवा चलने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है. इसकी वजह से न्यूनतम तापमान कुछ बढ़ सकता है. 21 जनवरी को उत्तर-पश्चिम बिहार में कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने के आसार हैं. वहीं, 22 से 24 जनवरी तक को पश्चिमी, मध्य और पूर्वी बिहार में कई स्थानों पर सामान्य से कुछ अधिक बारिश हो सकती है. इस दौरान कहीं-कहीं ठनका गिरने और ओलावृष्टि की भी आशंका है. आइएमडी के मुताबिक इस मौसमी बदलाव का कारण एक बार फिर सक्रिय हो रहा पश्चिमी विक्षोभ और एक विशेष चक्रवाती सिस्टम है. यह चक्रवाती सिस्टम मध्य भारत में सक्रिय है.
उल्लेखनीय है कि पटना का गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री नीचे 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कल से करीब दो डिग्री अधिक रहा. गया का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम, भागलपुर और पूर्णिया में सामान्य से पांच डिग्री कम दर्ज किया गया. बिहार में अब भी औसत तापमान सामान्य से नीचे चल रहा है. मौसम विभाग के अनुसार गया का तापमान 3 डिग्री तक पहुंच सकता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




